देश में सर्वाधिक गर्म रहा मध्य प्रदेश का राजगढ़, 45 डिग्री पार हुआ पारा, MP के 10 जिलों में येलो अलर्ट

अभी कुछ दिन और ऐसी ही गर्मी पड़ने की संभावना, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण 3 मई से बादल छाने के आसार, राजस्थान से आ रही सूखी, गरम हवा से बढ़ी गर्मी

Updated: Apr 28, 2022, 05:27 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। बुधवार को एमपी का राजगढ़ सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह देश के मैदानी इलाकों में बुधवार का सबसे अधिक तापमान है। राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल में सीजन का सबसे अधिक तापमान था। 

इसी तरह सागर में भी 43.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह, खरगोन और रतलाम में 44 डिग्री, खजुराहो में 44.6, खंडवा में 44.1 और ग्वालियर में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के मौसम पर असर डालने वाली किसी मौसम प्रणाली के सक्रिय न होने की वजह से गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। 

मौसम विभाग ने राजगढ़, विंध्य और बुंदेलखंड के 10 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक खंडवा, खरगोन , नर्मदापुरम, छतरपुर, राजगढ़, खजुराहो, दमेह, रतलाम, नीमच आदि शहरों में लू चलने की संभावना है। बताया जा रहा है की अभी 5-6 दिन ऐसे ही गर्मी पड़ने के आसार हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण 3 मई से बादल छाने की संभावना है। 

यह भी पढ़ें: अस्पताल से नवजात बच्ची चोरी, यूथ कांग्रेस ने गधे को गुलाब जामुन खिलाकर जताया विरोध

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के मुताबिक फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। हालांकि दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से विदर्भ से तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा बनी है, लेकिन इस मौसम प्रणाली का मध्य प्रदेश के मौसम पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। हवा की दिशा भी पश्चिम है। सूर्य की किरणें भी पृथ्वी पर लंबवत पड़ रही हैं। इस वजह से तापमान बढ़ रहा है। लू का प्रकोप और भी तेज हो सकता है। कई शहरों में लू चलने की संभावना है।

बता दें कि गुरुवार को देशभर में राजगढ़ के बाद दूसरा सबसे गर्म स्थान पश्चिमी उत्तर प्रदेश का झांसी शहर रहा जहां तापमान 45.5 रिकॉर्ड किया गया। जबकि सर्वाधिक गर्मी के मामले में तीसरे स्थान पर 45.2 डिग्री तापमान के साथ राजस्थान का बीकानेर और फलोदी शहर है।