मृत शिक्षक करेंगे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे, मध्य प्रदेश सरकार का अनोखा राहत अभियान

बीते दिनों जिलें में भारी बारिश हुई थी जिससे फसलों और गांवों में घरों को काफी नुकसान हुआ था। इसी का सर्वे कराने के लिए धार के शिक्षा विभाग ने मृत शिक्षक का नाम लिस्ट में रखा है। 

Publish: Sep 22, 2023, 06:50 PM IST

धार। मध्य प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश ने कई जिलों में भयंकर तबाही मचाई है। बारिश के कारण हजारों की संख्या में लोग बेघर हुए और उनका सबकुछ बर्बाद हो गया। अब बाढ़ प्रभावितों को राहत देने के लिए सरकार द्वारा अजीबोगरीब सर्वे अभियान शुरू किया गया है। धार जिले में सर्वे का काम मृत हो चुके शिक्षक को दिया गया है।

दरअसल, बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वे के लिए एक ऐसे शिक्षक का नाम सर्वे करने वालों की सूची में शामिल है उनकी मृत्यु तीन साल पहले हो चुकी है। इस घटना के सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी सवालों के घेरे में आया है। सर्वे में कितनी ईमानदारी बरती जाएगी इस पर भी प्रश्न चिन्ह लग गए हैं। 

धार में बीते दिनों हुई अत्यधिक बारिश से हुए नुकसान का सर्वे का काम प्रशासन ने शुरु किया है। इसमें जिले भर में आम लोगों के साथ किसानों को हुए नुकसान का सर्वे होगा। इसी को लेकर प्रशासन ने सर्वे के आदेश जारी किए हैं। टांडा क्षेत्र में भी प्रशासन ने सर्वे के लिए एक टीम तैयार की। इसी सर्वे टीम की सूची में मृत शिक्षक तेर सिंह मोरी का भी नाम जारी कर दिया गया। सूची की जानकारी जब ग्राम आम्बासोटी के सरपंच अमर सिंह सोलंकी को लगी तो वे अपने गांव के मृत शिक्षक का नाम देखकर हैरान रह गए।

सरपंच अमर सिंह ने बताया कि मृत शिक्षक तेर सिंह मोरी हमारे गांव आम्बासोटी के ही रहने वाले थे। वे टांडा के प्राथमिक स्कूल में शिक्षक थे। पांच जनवरी 2021 में बीमारी के चलते 50 की उम्र में उनकी मृत्यु हो गई थी। जिसका मृत्यु प्रमाण पत्र भी लोकल प्रशासन ने जारी कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि जब प्रशासन ने नाम चुनने में ही लापरवाही कर दी है। तब  किसानों और आम लोगों के घरों को हुए नुकसान के सर्वे काम में ईमानदारी की उम्मीद कैसे की जा सकती है। 

वहीं  इस मामले में कुक्षी के एसडीएम रमेश चंद्र खतेड़िया ने कहा कि सर्वे की सूची के क्षेत्रीय शिक्षा विभाग अधिकारी ने नाम दिए थे। संभवत: भूलवस पुराने नामों की लिस्ट भेज दी गई है। जिसको दिखाकर उसमें सुधार करवाने के निर्देश दिए गए हैं।