रहम करो सरकार, भोपाल में पहली बार पेट्रोल 90 पार

मध्य प्रदेश में पेट्रोल के दाम शिवराज सरकार द्वारा लगाए गए भारी टैक्स की वजह से आसमान छू रहे हैं, डीजल का दाम भी रिकॉर्ड स्तर के करीब है

Updated: Nov 30, 2020, 08:31 PM IST

Photo Courtesy : Daily Times
Photo Courtesy : Daily Times

भोपाल। मध्य प्रदेश (MP) में पेट्रोल (Petrol) और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। आलम यह है राजधानी भोपाल सहित चारों प्रमुख महानगरों में पेट्रोल 90 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर गया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब पेट्रोल के दाम ₹90 प्रति लीटर से भी ज्यादा हुए हैं। वहीं डीजल भी 80 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही बढ़ोतरी की वजह से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गईं हैं।

जानकारी के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से मध्य प्रदेश सरकार का टैक्स राजस्व वित्तीय वर्ष 2020-21 में पहली बार 11 हजार करोड़ रुपये के पार जाने का अनुमान है। बता दें कि राज्य की शिवराज सरकार सत्ता संभालने के बाद पेट्रोल पर टैक्स 9% और डीजल पर 8% तक बढ़ा चुकी है। अभी मध्य में प्रदेश में पेट्रोल पर 39% और डीजल पर 27% टैक्स लग रहा है।

और पढ़ें: भोपाल में खतरनाक स्तर पर पहुंचा कोरोना संक्रमण, 10 दिनों में 3293 नए केस

महज एक साल पहले, कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल पर 30% और डीज़ल पर 20% टैक्स ही लगता था। दामों में हो रही बढ़ोतरी और ज्यादा टैक्स होने के कारण शिवराज सरकार को सितंबर तिमाही में कुल 4495.20 करोड़ रुपए का राजस्व मिल चुका है। इसके बावजूद शिवराज सरकार को खराब वित्तीय हालत के कारण लगातार कर्ज़ लेना पड़ रहा है।

आम जनता से लेकर व्यापारी वर्ग और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के लोग सभी काफी समय से पेट्रोल-डीजल पर टैक्स में कटौती करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि सरकार ज्यादा कमाई होने के बाद भी आर्थिक संकट का हवाला देकर पेट्रोल-डीजल पर टैक्स नहीं घटा रही, जिसे लेकर लोगों के बीच नाराजगी है। उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स नहीं घटाए जाने की वजह से हमें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

और पढ़ें: तेल की कीमतें बढ़ाकर जनता से वसूले 18 लाख करोड़

बता दें कि अभी पूरे देश में पेट्रोल और डीजल पर सबसे ज्यादा टैक्स लगाने वाला राज्य मध्य प्रदेश बन गया है। पेट्रोल और डीजल के दाम में हुई बढ़ोतरी के बाद विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस की मांग है कि सरकार को आम लोगों को राहत देने के लिए टैक्स कम करना चाहिए। खास बात यह है कि इसके उलट अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में लगातार गिरावट देखी जा रही है।

कहां कितना है रेट 

  • भोपाल : पेट्रोल - 90.15 रुपये/लीटर

            डीजल - 80.23 रुपये/लीटर

  • इंदौर : पेट्रोल 90.16 रुपए/लीटर

          डीजल - 80.23 रुपए/लीटर

  • ग्वालियर : पेट्रोल 90.02 रुपए /लीटर

              डीजल 80.09 रुपए/ लीटर

  • जबलपुर : पेट्रोल - 90.15 रुपये/लीटर

              डीज़ल 80.23 रुपय/ लीटर