घर के बाहर पेड़ से लटका मिला नाबालिग का शव, आत्महत्या की आशंका

पुलिस किशोरी की आत्महत्या के कारणों में जुटी हुई है, घर वालों को किशोरी की आत्महत्या के पीछे की वजह की जानकारी नहीं है

Publish: Sep 22, 2021, 08:14 AM IST

सागर। सागर जिले के एक गांव में बुधवार सुबह से ही माहौल गमगीन है। गांव में सुबह सुबह एक किशोरी का शव घर के बाहर पेड़ पर लटका हुआ मिला है। पुलिस किशोरी की आत्महत्या का कारण ढूंढने में जुटी हुई है। वहीं मृतक किशोरी के घर वाले अब तक अपनी बेटी की आत्महत्या के कारण से अनभिज्ञ हैं।

यह पूरा मामला सागर के सुरखी थाना क्षेत्र के करैया गांव का है। सुबह सुबह 17 वर्षीय कमला का शव उसके घर के पीछे पेड़ पर लटका हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम करैया पहुंच गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उन्हें यह नहीं पता कि किशोरी ने ऐसा कदम क्यों उठाया? किशोरी के पास या घर में कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।