Monsoon 2020 : मध्यप्रदेश पहुंचा मानसून

सिवनी,  बैतूल, खरगोन जिलों में पहुंचा, भोपाल में मानसूनी बारिश के लिए 2 दिन और इंतजार

Publish: Jun 16, 2020, 12:44 AM IST

मध्य प्रदेश में रविवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण मध्य प्रदेश में तय समय से एक दिन पहले मानसून पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञ उदय सरवटे के अनुसार सिवनी,  बैतूल, खरगोन जिलों में कल मानसूनी बारिश हुई। भोपाल में मानसूनी बारिश के लिए 48 घंटे का इंतजार करना होगा। दो दिन बाद ही शहर में झमाझम मानसूनी बारिश होगी।

वहीं ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन को मानसूनी बारिश के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। बंगाल की खाडी में एक औऱ सिस्टम बनने जा रहा है, जिसके बाद 22-23 जून तक पूरे प्रदेश में मानसूनी बारिश होगी। मानसून के मध्य प्रदेश में पहुंचने के साथ ही कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं, अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, बड़वानी, झाबुआ और धार जिला में भारी बारिश की संभावना है। शहडोल, होशंगाबाद और इंदौर संभाग के जिले में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी साथ ही रीवा, सागर, उज्जैन और भोपाल संभाग के कुछ छिटपुट बारिश होगी।