MP Board Result 2026: 10वीं-12वीं के रिजल्ट जारी, रिकॉर्ड 73.42 फीसदी बच्चे पास
मध्य प्रदेश बोर्ड ने 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 15 अप्रैल 2026 को जारी कर दिया। सीएम मोहन यादव ने घोषणा की। इस साल 10वीं में 73.42% छात्र पास हुए और 16 साल का रिकॉर्ड टूटा।
भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) भोपाल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम आज 15 अप्रैल को जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आधिकारिक तौर पर नतीजों की घोषणा की। इस बार दोनों कक्षाओं के रिजल्ट एक साथ घोषित किए गए हैं।
जारी आंकड़ों के मुताबिक, कक्षा 10वीं में इस वर्ष 73.42 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे हैं। सरकार का कहना है कि यह प्रदर्शन पिछले कई सालों की तुलना में बेहतर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जानकारी दी कि इस बार राज्य में बीते 16 साल का रिकॉर्ड टूट गया है और रिजल्ट ऐतिहासिक रूप से बेहतर रहा है।
छात्र अपने परिणाम एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in, mpresults.nic.in और mponline.mpbse.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। वेबसाइट पर Exam Results सेक्शन में जाकर 10वीं या 12वीं के रिजल्ट लिंक पर क्लिक करने के बाद रोल नंबर और एप्लीकेशन नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है। फिलहाल बोर्ड की ओर से टॉपर्स के नामों की घोषणा नहीं की गई है। जिन्हें जल्द जारी किया जाएगा।




