MP Budget 2023: 12वीं फर्स्ट डिवीजन से पास छात्राओं को मिलेगी ई-स्कूटी, युवाओं को भेजा जाएगा जापान

इस बार के बजट में महिला, यूथ और किसानों पर फोकस किया गया है। महिलाओं के लिए अलग-अलग योजनाओं में 1.02 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।

Updated: Mar 01, 2023, 04:30 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को अपने चौथे कार्यकाल का आखिरी बजट पेश किया। इस बजट में महिला, यूथ और किसानों पर फोकस किया गया है। खासकर महिलाओं के लिए राज्य सरकार ने घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। महिलाओं के लिए अलग-अलग योजनाओं में 1.02 लाख करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान किया गया है।

चूंकि, विधानसभा चुनाव से पहले यह आखिरी बजट है। ऐसे में शिवराज सरकार ने कई लोक लुभावने वादे किए हैं। फर्स्ट डिविजन से 12वीं पास करने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी देने का ऐलान किया गया है। बेरोजगार युवाओं को 1 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। साथ ही रोजगार के लिए 200 युवाओं को जापान भी भेजा जाएगा। SC/ST/OBC, अल्पसंख्यक, विमुक्त, घुमंतू और अर्द्ध-घुमंतू वर्ग के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 252 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

3346 गोशाला का निर्माण​​​​

इसके अलावा मध्य प्रदेश के तीर्थ स्थलों पर हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए 15 साल पुरानी सरकारी गाड़ियां प्रदेश में अब नहीं चल सकेंगी। अप्रैल से इस संबंध में नीति लागू हो जाएगी। कृषि संबंधित योजनाओं के लिए कुल 53,264 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री गोसेवा योजना के अंतर्गत 3346 गोशाला का निर्माण स्वीकृत किया गया है। नर्सिंग कॉलेज योजना से मेडिकल कॉलेज में 810 बीएससी नर्सिंग, 300 पोस्ट बेसिक नर्सिंग की एक्स्ट्रा सीट्स होंगी।

लाडली बहना योजना के लिए 8 हजार करोड़

प्रदेश में सड़कों और पुलों के लिए 56 हजार 256 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मध्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। सरकार फ्लाइट से तीर्थ दर्शन कराएगी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन के के लिए 50 करोड़ स्वीकृत किया गया है। लाडली लक्ष्मी योजना के लिए 929 करोड़ रुपए, महिला स्व सहायता समूहों के लिए 660 करोड़ रुपए का प्रावधान है। जबकि लाडली बहना योजना के लिए 8 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

वित्त वर्ष 2023-2024 का कुल बजट 3 लाख 14 हजार 25 करोड़ रुपए का है। पिछले साल (2022-23) में बजट 2 लाख 79 हजार 697 करोड़ रुपए का था। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री 1 घंटा 50 मिनट बोले। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश में पहली बार ई-बजट यानी पेपरलेस बजट आया है। विपक्ष के हंगामे के बीच वित्त मंत्री ने इसे टैबलेट पर पढ़ा। मंत्रियों और विधायकों को भी टैबलेट दिए गए थे। बजट भाषण के बाद विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।