MP Corona Updates: शहडोल SDM कोरोना पॉज़िटिव

कोराना के बढ़ते मामलों के बीच रिकवरी रेट में हुई बढ़ोतरी, रिकवरी रेट 70 से बढ़कर 73.6 प्रतिशत हुआ

Updated: Aug 08, 2020, 01:52 AM IST

photo courtesy : patrika
photo courtesy : patrika

भोपाल। बीते 24 घंटे में प्रदेशभर में 830 नए मरीजों की पहचान हुई है। शहडोल जिले के एसडीएम की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि पिछले दिनों DSP कोरोना संक्रमित आए थे जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी और कर्मचारियों ने अपनी कोविड 19 जांच करवाई थी। एसडीएम और तहसीलदार समेत कई अधिकारी अपने घर में क्वारंटाइन हो गए थे। शुक्रवार को एसडीएम की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं DSP के संपर्क में आए तहसीलदार की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।

गौरतलब है कि DSP के संपर्क में कई अधिकारी, पत्रकार और आम नागरिक आये थे। शहडोल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 101 से अधिक हो गयी है। वहीं अबतक 59 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में कोरोना एक्टिव केस की संख्या 42 है। बीते 24 घंटे में भोपाल में 155 नए मरीज मिले हैं। जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 7270 हो गई है। कुल 5123 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। भोपाल में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 1946 है।

इंदौर में 145 नए संक्रमित मिले। वहीं तीन मरीजों की मौत हो गई। जिसके बाद कुल मौतों का आंकड़ा 325 हो गया है। गुरुवार को 45 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। अब तक कुल 5729 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं इंदौर में एक्टिव केसों की संख्या 1960 है।

ग्वालियर 89, जबलपुर में 77, उज्जैन में 13, खरगौन में 28, बड़वानी में 27, भिंड में 17, धार में 19, रीवा में 14, रायसेन में 11, होशंगाबाद में 19, दमोह में 22, सतना में 10, कटनी में 13, झाबुआ में 18 और सिंगरौली में 14 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। 

प्रदेश में 838 मरीजों के ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। सभी मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने और बीमारी के लक्षण खत्म होने पर अस्पताल से छुटी दी गई है। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, वहीं प्रदेश के रकवरी रेट में भी इजाफा हुआ है। कोरोना संक्रमित मरीज तेजी से कोरोना को मात देकर ठीक हो रहे हैं।

प्रदेश में शनिवार को नहीं होगा लॉकडाउन

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया को जानकारी दी कि प्रदेश में तेजी से कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। जिसके चलते रिकवरी रेट 70 से बढ़कर 73.6 हो गई है। अभी तक 26902 लोग स्वस्थ हुए हैं। सरकार ने भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को होने वाला लॉकडाउन खत्म करने का फैसला लिया है। अब प्रदेश में केवल रविवार को लॉकडाउन रहेगा। वहीं प्रदेश के बाजार, होटल और रेस्टोरेंट को भी रात 10 बजे तक खुले रहने की परमीशन दी गई है। जबकि प्रदेशभर में नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा।

कोरोना को मात देकर घर पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। 10 दिन पहले कोरोना संक्रमित होने पर दोनों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया था। अब दोनों का स्वस्थ्य बेहतर है। उनमें अब कोरोना के कोई लक्षण नहीं होने के कारण डॉक्टर की सलाह पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।