MP Election: दमोह से राहुल लोधी का टिकट कटा, 20 साल बाद फिर आमने-सामने होंगे मलैया और टंडन

MP Election 2023: लंबे इंतजार के बाद बीजेपी ने अपने 92 प्रत्याशियों 5वीं सूची जारी कर दी है। इसमें दमोह विधानसभा से पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है।

Updated: Oct 22, 2023, 10:18 AM IST

दमोह। बीजेपी ने लंबे इंतजार के बाद अपने 92 प्रत्याशियों पांचवीं सूची जारी कर दी है। इसमें दमोह विधानसभा से पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में दमोह का चुनाव दिलचस्प हो गया है। यहां से कांग्रेस ने विधायक अजय टंडन को उम्मीदवार बनाया है। 20 साल बाद जयंत मलैया और अजय टंडन आमने-सामने होंगे।

दरअसल, शनिवार को सभी की नजरें दमोह विधानसभा पर टिकी हुई थी। दमोह विधानसभा सीट इस समय प्रदेश में इसलिए हाई प्रोफाइल है, क्योंकि कांग्रेस के पूर्व विधायक राहुल सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली थी। साल 2021 में यहां उपचुनाव हुआ था, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन ने राहुल सिंह को 17,000 वोटों से हराया था। इस बार भाजपा ने राहुल लोधी को टिकट ही नहीं दिया।

यह भी पढ़ें: MP: पांचवीं सूची आते ही BJP में जूतम-पैजार, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को पीटने दौड़े कार्यकर्ता, गनमैन से मारपीट

हालांकि, उपचुनाव हारने के बाद शिवराज सरकार ने राहुल सिंह को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया था और 2023 के आम चुनाव में वह फिर से दावेदारी कर रहे थे। लेकिन भाजपा ने सात बार के विधायक और पूर्व वित्त मंत्री जयंत कुमार मलैया पर ही अपना भरोसा जताया है। जयंत मलैया और अजय टंडन का सीधा सामना पहली बार नहीं बल्कि तीसरी बार होने जा रहा है। दोनों ही नेता आपस में बहुत अच्छे मित्र भी हैं।

साल 1993 में कांग्रेस ने पहली बार अजय टंडन को अपना प्रत्याशी बनाया था। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी के रूप में भाजपा की ओर से जयंत मलैया थे। पहले चुनाव में अजय टंडन को करीब पांच हजार वोट से हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने 2003 में एक बार फिर अजय टंडन को मौका दिया लेकिन इस बार भी अजय टंडन करीब 12000 मतों से चुनाव हार गए थे।

2021 के उपचुनाव में जब भाजपा ने विधायकी से इस्तीफा देने वाले राहुल लोधी को टिकट दिया गया था तो कांग्रेस ने अजय टंडन को तीसरी बार मौका दिया। इस बार वे 17 हजार वोट से जीतने में कामयाब रहे। इस चुनाव में मलैया परिवार पर कांग्रेस प्रत्याशी टंडन का समर्थन करने के आरोप भी लगे।