MP: जिवाजी यूनिवर्सिटी में फिजिक्स का पेपर लीक, परीक्षा अधीक्षक को किया गया निलंबित
ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी में भारी लापरवाही हुई है। बीएससी थर्ड ईयर का 4 अप्रैल को होने वाला फिजिक्स का पेपर गलती से पहले दिन ही छात्रों को बांट दिया गया। पेपर लीक की आशंका पर परीक्षा रद्द कर अधीक्षक को हटा दिया गया है।
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। बीएससी थर्ड ईयर की परीक्षा के पहले ही दिन 4 अप्रैल को होने वाला फिजिक्स का पेपर गलती से परीक्षार्थियों को बांट दिया गया। पेपर लीक होने की आशंका के चलते विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत फिजिक्स की परीक्षा रद्द कर दी और संबंधित परीक्षा अधीक्षक को पद से हटा दिया।
जानकारी के अनुसार, यह मामला विश्वविद्यालय के आरोन कॉलेज का है। बुधवार को बीएससी थर्ड ईयर की परीक्षाएं शुरू हुई थी। इसमें पहले दिन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक मेजर विषय का पेपर होना था। इसी दौरान परीक्षा केंद्र पर बैठे छात्रों को निर्धारित विषय की जगह फिजिक्स का प्रश्नपत्र दे दिया गया जबकि यह परीक्षा 4 अप्रैल को प्रस्तावित थी। गलती का पता चलते ही अधिकारियों ने तत्काल पेपर वापस लेकर सही प्रश्नपत्र बांटे।
यह भी पढ़ें:भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग पर बवाल, कोलार और विजय नगर में सड़क पर उतरे लोग
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परीक्षा अधीक्षक डॉ. शामी कुरैशी को उनके पद से हटा दिया है। वहीं, पूरे मामले को गंभीर मानते हुए विश्वविद्यालय ने 4 अप्रैल को होने वाली फिजिक्स परीक्षा को निरस्त कर दिया है। विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशा कुमारी ने बताया कि पेपर लीक की आशंका को देखते हुए परीक्षा रद्द की गई है। नया प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए विषय विशेषज्ञों को प्रस्ताव भेजा गया है। अब यह परीक्षा मई में आयोजित की जाएगी और इसकी नई टाइम टेबल जल्द जारी की जाएगी।
हालांकि, विश्वविद्यालय ने आधिकारिक तौर पर परीक्षा रद्द करने का कारण अपरिहार्य परिस्थितियां बताया है लेकिन आरोन कॉलेज द्वारा उच्च शिक्षा आयुक्त को दी गई रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि प्रश्नपत्र का पैकेट गलती से गलत समय पर खोल दिया गया था जो एक गंभीर लापरवाही है। गौरतलब है कि जीवाजी विश्वविद्यालय पहले भी परीक्षा में नकल के आरोपों को लेकर विवादों में रहा है। छात्र संगठन एनएसयूआई ने इस मुद्दे पर आंदोलन भी किया था और नकल से जुड़े वीडियो जारी किए थे।
यह भी पढ़ें:फार्मा इंडस्ट्री पर मिडिल ईस्ट तनाव का असर, दवाओं की कीमतों में आया उछाल




