यह सरासर झूठ है, इसमें जरा भी सच्चाई नहीं, PM मोदी ने विदेश यात्राओं पर टैक्स की खबरों का किया खंडन

पीएम ने लिखा कि विदेश यात्रा पर इस तरह की पाबंदियां लगाने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता। हम अपने लोगों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ईज ऑफ लिविंग को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

Updated: May 16, 2026, 03:14 PM IST

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के बीच पीएम मोदी देशवासियों से लगातार पेट्रोल-डीजल के कम इस्तेमाल की अपील कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से सोना न खरीदने और विदेश यात्रा न करने की भी अपील की है। इसी बीच एक खबर आई कि केंद्र सरकार विदेश यात्राओं पर अतिरिक्त टैक्स लगाने जा रही है। हालांकि, बवाल बढ़ता देख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सामने आए और इस खबर का खंडन किया।

पीएम मोदी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'यह पूरी तरह से गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर इस तरह की पाबंदियां लगाने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता। हम अपने लोगों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ईज ऑफ लिविंग को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।'

पीएम मोदी का यह पोस्ट उन मीडिया पर आया, जिनमें दावा किया गया कि भारत सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स/सेस/सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। इसके लिए हाईलेवल पर चर्चा हो रही है। पीएम मोदी ने CNBC-TV 18 की रिपोर्ट को शेयर करते हुए बताया कि यह रिपोर्ट पूरी तरह से फेक है। 

रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स/सेस लगा सकती है, ताकि मिडिल ईस्ट तनाव (ईरान-इजराइल/अमेरिका संबंधित) के कारण बढ़े क्रूड ऑयल इंपोर्ट बिल को बैलेंस किया जा सके। हालांकि, पीएम मोदी के फैक्ट चेक के बाद इस रिपोर्ट को तुरंत विड्रॉ कर लिया गया।