MP: बुरहानपुर में महिलाओं के लिए शुरू हुई अनोखी पहल, स्वच्छता प्रचार के लिए दिए जा रहे प्रतिदिन 100 रुपए

बुरहानपुर जिले के नगर निगम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अनोखा रोजगार दिया है। महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है कि वे शहर के हर घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाएंगी. इस काम के एवज में महिलाओं को प्रतिदिन 100 रुपए मेहनताना भी दिया जाता है।

Updated: Apr 15, 2024, 05:41 PM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश में महिलाओं के लिए प्रदेश सरकार द्वारा एक अनोखी पहल शुरू की गई है। बुरहानपुर जिले के नगर निगम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अनोखा रोजगार दिया है। महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है कि वे शहर के हर घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाएंगी. इस काम के एवज में महिलाओं को प्रतिदिन 100 रुपए मेहनताना भी दिया जाता है।

और पढ़ें: बोरवेल हादसे में मासूम की मौत के बाद अधिकारियों पर गिरी गाज, जनपद सीईओ और पीएचई एसडीओ सस्पेंड

नगर निगम की इस मुहिम के तहत वैभव लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं महाजनापेठ और शिकारपुरा क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर लोगों को जानकारी दे रही हैं। लोकल 18 की टीम को वैभव लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की श्वेता गुप्ता ने बताया कि हमने समूह बनाया था। 4 साल पहले यह समूह बना. रोजगार पाने के लिए हम लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ती थी। लेकिन अब नगर निगम की ओर से लोगों को स्वच्छता के बारे में जानकारी देने का काम मिला है। हम सुबह के समय लोगों के घर-मोहल्ले में पहुंचकर जानकारी देते हैं। लोग भी अब कचरा गाड़ी में ही डाल रहे हैं। सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डाल रहे हैं।

वैभव लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह में 11 महिलाएं हैं। समूह की महिलाओं ने बताया कि वह सभी पहले कपड़े सिलने का काम करती थीं। इसमें कभी काम मिलता था तो कभी नहीं. लेकिन अब नगर निगम ने जो नया काम दिया है, उससे रोजाना आमदनी हो रही है। समूह की श्वेता गुप्ता ने बताया कि अभी काम शुरू हुए दूसरा महीना बीता है। काम के एवज में प्रत्येक महिलाओं को ₹100 रोज मिल रहा है। हम सुबह के समय 5 घंटे काम करते है। बुरहानपुर नगर निगम क्षेत्र में 48 वार्ड हैं, जिनमें 20 से अधिक समूह की महिलाएं काम कर रही हैं। 

बता दें यह काम एनजीओ को दिया जाता था। लेकिन अब स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया गया है। अब महिलाएं शहर के 48 वार्डों में घूम-घूमकर लोगों को स्वच्छता रखने के बारे में जानकारी दे रही हैं। इससे क्षेत्र में गंदगी भी नहीं फैल रही है। सभी लोग कचरा गाड़ी में ही कचरा डाल रहे हैं।