कोरोना : क्वारैंटाइन में रखे जाएंगे मप्र के जमाती

निजामुद्दीन की मरकज में मध्य प्रदेश के 107 लोग शामिल हुए थे। इनमें से 31 पुराने भोपाल के निवासी हैं। करीब 50 जमातें 5 दिनों तक भोपाल में रुकीं थीं। मप्र के लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।

Publish: Apr 01, 2020, 08:04 AM IST

MP CM Shivraj singh chouhan
MP CM Shivraj singh chouhan

भोपाल।

कोरोना वायरस की जद में आए दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में मध्य प्रदेश से भी 107 लोग शामिल हुए थे। इसमें शामिल हुई 50 जमातें भोपाल में रुकी थीं। दिल्ली से लौटे मध्य प्रदेश के 107 लोगों में से 31 लोग भोपाल के पुराने शहर के रहने वाले हैं। प्रशासन उन लोगों की तलाश कर रहा है जो मरकज में शामिल हुए थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में निर्देश दिए हैं कि तबलीग जमात में हिस्सा लेने वाले प्रदेश के नागरिकों को क्वारैंटाइन में रखने की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व तबलीग जमात का एक बड़ा धार्मिक आयोजन हुआ था। इसमें पूरे देश के श्रद्धालु भाग लेने गए थे। इस समूह में से 200 लोगों के कोविड-19 से संक्रमित होने तथा इनमें से 6 लोगों की तेलंगाना में मृत होने की सूचना प्राप्त हुई है। मध्य प्रदेश से भी 100 से अधिक व्यक्ति इस धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। ऐसी जानकारी प्राप्त हुई है। इस संदर्भ में पूर्ण सजग रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण उन व्यक्तियों में  दिखाई देते हैं तो उनके टेस्ट और इलाज की समुचित व्यवस्था भी की जाए। सभी पुलिस अधीक्षकों को यह कार्रवाई अति शीघ्र करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा धार्मिक कार्यक्रम के सिलसिले में जो भी व्यक्ति घूम रहे हैं, उनकी यात्रा का विवरण भी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।