बूथों पर योजनापूर्वक, समयबद्ध होकर तैयारी कर लें तो कांग्रेस की विजय को कोई नहीं रोक सकता: दिग्विजय सिंह

सामंजस्य, समन्वय और संवाद के साथ संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है। जिला, ब्लॉक, मंडल और सेक्टर के अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से संपर्क करें, चर्चा करें, संवाद करें तब जाकर संगठन चलेगा: दिग्विजय सिंह

Updated: Apr 21, 2023, 07:23 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। शुरुआती चरण में उन्होंने विशेष रणनीति के तहत उन 66 विधानसभा क्षेत्रों का चयन किया है, जहां कांग्रेस पिछले तीन या ज्यादा टर्म से चुनाव हार रही है। कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें इन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने का जिम्मा सौंपा है। इसी के तहत सिंह शुक्रवार को उज्जैन जिले की दक्षिण विधानसभा और उत्तर विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, बीएलए और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

उज्जैन दक्षिण विधानसभा (क्रमांक - 217) के ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, बीएलए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के.जी.सी. होटल में आयोजित की गई थी।
बैठक में मौजूद सभी पार्टी पदाधिकारियों ने विधानसभा चुनाव के संदर्भ में अपनी तैयारियों की जानकारी दिग्विजय सिंह जी को दी। सिंह ने सभी तैयारियों का जायजा लिया और विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में कई उपयोगी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सिंह ने इस दौरान कहा कि हम एक बेहतरीन चुनाव अभियान चलाते हैं, लेकिन बूथों पर भी यदि हम वैसे ही व्यवस्थित तरीके से योजनापूर्वक, समयबद्ध होकर तैयारी कर लें तो कांग्रेस की विजय को कोई रोक नहीं सकता। 

सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "सामंजस्य, समन्वय और संवाद के साथ संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है। जिला, ब्लॉक, मंडल और सेक्टर के अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से संपर्क करें, चर्चा करें, संवाद करें तब जाकर संगठन चलेगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में कांग्रेस कमजोर नहीं है बल्कि केवल सामंजस्य, समन्वय और संवाद की कमी है।" पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि टिकट किसी को भी मिले एकजुटता के साथ पार्टी का काम करें और कांग्रेस को जिताएं।

इसके बाद होटल के.जी.सी. में ही सिंह जी ने उज्जैन दक्षिण के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नगर पालिका, जनपद, जिला पंचायत के चुने गए सदस्यों, सेवा दल, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, आई टी सेल सहित सभी प्रकोष्ठों एवं सभी वरिष्ठ, कनिष्ठ, पूर्व, वर्तमान पदाधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में भी हिस्सा लिया। इस बैठक में श्री दिग्विजय सिंह जी ने सभी कार्यकर्ताओं की बातों, सुझावों और शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और अपनी ओर से आवश्यक दिशा निर्देश और मार्गदर्शन दिया। 

यह भी पढ़ें: हे प्रभु, सिंधिया जैसा कोई और अब कांग्रेस में पैदा न हो, महाकाल से दिग्विजय सिंह ने की प्रार्थना

वहीं, उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र (क्रमांक-216) के ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, बीएलए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक स्थानीय मनोरमा गार्डन, आगर रोड में आयोजित की गई थी। यहां उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र की बैठक में मौजूद सभी पार्टी पदाधिकारियों ने विधानसभा चुनाव के संदर्भ में अपने सुझाव दिए। सिंह ने मंडल सेक्टर कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि यदि वे अपने अपने बूथ जिताने का प्रयास करेंगे तो कांग्रेस का प्रत्याशी अपनी जीत आसानी से दर्ज कर सकेगा। 

पूर्व सीएम ने इस बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का संगठन मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने जिला अध्यक्ष को निर्देश देते हुए कहा कि आप ब्लॉक अध्यक्ष को अधिकार दीजिए कि वे मंडल-सेक्टर की कमेटियां गठन करें। ये सारी व्यवस्था विकेंद्रीकृत करने की जरूरत है। तब जाकर सारे कार्यकर्ता एक सूत्र में बंधेंगे। बैठक के बाद मनोरमा गार्डन में ही सिंह ने उज्जैन उत्तर के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नगर पालिका, जनपद, जिला पंचायत के चुने गए सदस्यों, सेवा दल, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, आई टी सेल सहित सभी प्रकोष्ठों एवं सभी वरिष्ठ, कनिष्ठ, पूर्व, वर्तमान पदाधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में भी हिस्सा लिया। इस दौरान सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं की बातों, सुझावों और शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और अपनी ओर से आवश्यक दिशा निर्देश और मार्गदर्शन दिया।