दिल्ली एयरपोर्ट पर SWISS एयरलाइन के विमान के इंजन में लगी आग, 6 यात्री घायल

दिल्ली एयरपोर्ट पर SWISS एयर की ज्यूरिख जा रही फ्लाइट का इंजन उड़ान से पहले फेल हो गया और उसमें आग लग गई।

Updated: Apr 26, 2026, 02:53 PM IST

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। ज्यूरिख जाने वाली SWISS एयर की फ्लाइट LX 147 का इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, एयरबस A330 विमान रात करीब 1:08 बजे उड़ान भरने की तैयारी में था। तभी उसके पहले इंजन में अचानक खराबी आ गई और आग लग गई। हालात बिगड़ते देख क्रू ने तुरंत उड़ान रद्द कर दी और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को खाली कराने का फैसला लिया। उस समय विमान में 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे।

एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है जो पूरे मामले की जांच कर रही है। बयान के अनुसार, तकनीकी खराबी उड़ान से ठीक पहले सामने आई थी। जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कदम उठाए गए।

सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल करते समय कुछ यात्रियों को चोटें आई। 6 लोगों का फिलहाल मेडिकल चेकअप और इलाज जारी है। जिन यात्रियों को स्लाइड से निकलने में दिक्कत हुई थी उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई थी।

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट पर ही अकासा एयर और स्पाइसजेट के विमानों के विंग्स टकराने की घटना भी सामने आई थी। जिसके बाद विमानन सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।