अवैध खनन की राजधानी बन गया है पन्ना, शिवराज सरकार ने कानून व्यवस्था का सत्यानाश कर दिया: कमलनाथ

पन्ना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम कामकनाथ ने कहा कि मुझे ताज्जुब होता है की शिवराज सिंह चौहान मुझसे हिसाब मांग रहे हैं 15 महीनों की सरकार का, स्वयं 215 महीनों का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं।

Updated: Feb 13, 2023, 08:43 AM IST

पन्ना। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ सोमवार को पन्ना जिले के अजयगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि पन्ना अवैध खनन की राजधानी बन गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराज सरकार ने कानून व्यवस्था का सत्यानाश कर दिया।

सोमवार सुबह पीसीसी चीफ कमलनाथ पहले छत्तरपुर जिला अंतर्गत राजनगर तहसील में स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे। पूर्व सीएम ने यहां भगवान बालाजी महाराज की पूजा अर्चना की। तत्पश्चात उन्होंने प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात किया। यहां से वह पन्ना जिले के अजयगढ़ पहुंचे। 

अजयगढ़ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ने कहा, "मैं अभी बागेश्वर धाम से आ रहा हूं। मैं हनुमान भक्त हूं। भगवान बजरंगबली को प्रणाम करने गया था। महाराज जी से भी मुलाकात हुई। मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहे ऐसी मैंने भगवान बजरंगबली से प्रार्थना की है। मैंने प्रदेश का सबसे बड़ा हनुमान मंदिर छिंदवाड़ा जिले में बनवाया है। मेरी दिली इच्छा थी कि मैं अजयगढ़ आने के पहले भगवान बजरंगबली के चरणों में प्रणाम करता हुआ आऊं।"

इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "प्रदेश में पिछले 215 महीनों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। 190 महीनों से शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। मुझे ताज्जुब होता है की शिवराज सिंह चौहान मुझसे 15 महीनों की सरकार का हिसाब मांग रहे हैं। वे स्वयं 215 महीनों का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं। आज शासकीय संसाधनों का दुरुपयोग करके विकास यात्रा निकाल रहे हैं, अगर जनता इनके साथ होती तो क्या विकास यात्रा की आवश्यकता पड़ती? यह भाजपा की निकास यात्रा है।"

पूर्व सीएम ने आगे कहा, "विकास यात्रा की जगह यदि नाम "हिसाब यात्रा" रखा जाता तो ज्यादा बेहतर होता। शिवराज सरकार ने नौजवानों के भविष्य का सत्यानाश कर दिया। किसानों के भविष्य का सत्यानाश कर दिया। शिक्षा और स्वास्थ्य का सत्यानाश कर दिया। प्रदेश में कानून व्यवस्था का सत्यानाश कर दिया। हर क्षेत्र में प्रदेश का सत्यानाश किया है। पन्ना आज अवैध खनन की राजधानी बन गया है। मध्य प्रदेश के मतदाताओं पर मुझे पूरा विश्वास है कि वे मध्य प्रदेश की तस्वीर को अपने सामने रखेंगे और सच्चाई का साथ देंगे।"

टिकट वितरण को लेकर उन्होंने कहा कि, "सर्वे एक इशारा होता है। हम स्थानीय संगठनों से भी विचार विमर्श करेंगे। किसी भी टिकट में सर्व सहमति नहीं होती पर एक आम सहमति हमें बनानी पड़ती है। पांच से छह हज़ार आवेदन आते हैं टिकट के लिए। सभी कहते हैं कि मैं जीत रहा हूं। कोई भी टिकटार्थी यह नहीं कहता कि मैं हार जाऊंगा। इसलिए स्थानीय संगठन से चर्चा करके एक आम सहमति बनाना आवश्यक है। उसी का हम प्रयास करेंगे और स्वच्छ छवि के उम्मीदवारों को टिकट देंगे।"

कांग्रेस संगठन से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, "मेरा पूरा प्रयास रहा है कि मध्य प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस पार्टी का संगठन मजबूत हो। क्योंकि हमारा मुकाबला भाजपा से नहीं भाजपा के संगठन से है। इसलिए हमने मंडल सेक्टर और बूथ स्तर पर फोकस किया है। आज राजनीति में बड़ा परिवर्तन हुआ है। राजनीति आज ज्यादा स्थानीय हो गई है।" गोपाल भार्गव के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि यदि बाहर से आने वाले लोगों से भाजपा दुखी है तो यह उनका अंदरूनी मामला है।