सीहोर के जावर में मास्क नहीं पहनने पर पुलिस ने तीन युवकों को पीटा, वायरल हुआ वीडियो

सीहोर के जावर में मास्क नहीं पहनने पर तीन युवकों को पुलिस ने जमकर पीटा, पिटाई का वीडियो हुआ वायरल, कांग्रेस ने पुलिस पर कार्रवाई की मांग

Updated: Mar 27, 2021, 10:51 AM IST

सीहोर। जिले की जावर तहसील में बिना मास्क घूमने पर पुलिस द्वारा तीन युवकों की धुनाई का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा युवकों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने पुलिस द्वारा कोरोना के नाम पर युवकों की पिटाई की निंदा की है। कांग्रेस का कहना है कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए होना चाहिए ना कि परेशान करने के लिए।

कांग्रेस नेता शैलेन्द्र सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा है कि जिन प्रदेशों में चुनाव हैं, वहां के लोगों से हाथ मिलाकर नेतागण मध्यप्रदेश में आ रहे हैं। आम जनता और लोगों से संपर्क कर रहे हैं। क्या इससे कोरोना नहीं फैल रहा। कोरोना क्या आम जनता की वजह से ही फैलता है। कांग्रेस नेता ने सवाल किया है कि क्या सरकार ने लोगों की पिटाई का आदेश पुलिस को दिया है।

दरअसल इस वायरल वीडियो में तीन युवकों को कुछ वर्दी वाले पीटते नजर आ रहे हैं। तीनों के गाल पर तमाचा जड़ते हुए उन्हें पुलिस वाहन में बैठाया गया था। बताया जा रहा है कि जावर तहसील के गांधी चौक पर नगर पंचायत जावर और पुलिस संयुक्त रूप से बिना मास्क वालों पर कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान लोगों से जुर्माना वसूला जा रहा था।तभी तीनों युवकों पर पुलिस की नजर पड़ी, तीनों बिना मास्क के घूम रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने उनसे बातचीत की दोनों पक्षों में कहा सुनी हो गई। जिसके बाद जावर पुलिस ने तीनों युवकों की पिटाई शुरू कर दी और गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

अब मामला प्रकाश में आने के बाद जावर के कांग्रेस नेता और ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे शैलेन्द्र सिंह पटेल ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं जब इस मामले में आष्टा एसडीओपी मोहन सारवान ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। गौरतलब है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य है। मास्क नहीं पहनने पर लोगों को समझाइश देना है फिर उनसे नियमानुसार जुर्माना वसूलना है। लेकिन सीहोर के जावर में पुलिस वाले खुद कानून हाथ में ले रहे हैं। बिना मास्क घूमने पर तीनों युवकों की पिटाई पुलिस ने कर दी।