सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में कल हुंकार भरेंगी प्रियंका गांधी, रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ग्वालियर में रैली को संबोधित करने से पहले रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर जाएंगी। सिंधिया खानदान की गद्दारी को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस।

Updated: Jul 20, 2023, 07:39 PM IST

ग्वालियर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार 21 जुलाई को ग्वालियर दौरे पर आ रही हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में प्रियंका गांधी विशाला जन आक्रोश रैली को संबोधित करेंगी। रैली को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली है। खास बात ये है कि रैली से प्रियंका गांधी रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर जाएंगी और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि प्रियंका गांधी 21 जुलाई को सुबह 11 बजे प्लेन से दिल्ली से ग्वालियर पहुंचेंगी। गांधी 11.20 बजे वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पड़ाव पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। सिंह ने बताया कि प्रियंका गांधी 11.30 बजे ग्वालियर के मेला ग्राउंड में कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। 

माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी इस दौरान सिंधिया खानदान के इतिहास का जिक्र कर ज्योतिरादित्य पर निशाना साध सकती हैं। बता दें कि सन 1857 में आजादी की पहली लड़ाई के दौरान इतिहास में सिंधिया राजवंश की भूमिका एक गद्दार के रूप में दर्ज है। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का जिक्र आते ही सिंधिया घराने के लोग चुप्पी साध लेते हैं। बीजेपी में जाने के बाद सिंधिया ने गद्दारी का दाग धोने की तमाम कोशिशें की लेकिन खानदान पर लगा गद्दारी का दाग नहीं मिट रहा है। वहीं, कांग्रेस नेताओं द्वारा लगातार इतिहास के पन्ने पलटकर सिंधिया पर निशाना साधा जाता रहा है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस पर निशाना साधकर बुरा फंसे महाराज, इतिहासकार ने पूरे सिंधिया खानदान की बखिया उधेड़ दी

बहरहाल, प्रियंका गांधी की सभा को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली है। पूरा ग्वालियर शहर प्रियंका गांधी के बैनर पोस्टर और होर्डिंग से भरा पड़ा है। जनसभा में ढाई लाख से अधिक के संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता 10,000 से अधिक बसों से ग्वालियर के मेला ग्राउंड सभा स्थल पहुंचेंगे। 5000 ट्रैक्टरों से किसान भी सभास्थल आएंगे

प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह स्वयं पिछले तीन दिनों से ग्वालियर में हैं। साथ ही प्रभारी महासचिव जयप्रकाश अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव सहित तमाम बड़े नेताओं ने ग्वालियर में डेरा डाल रखा है। माना जा रहा है कि ग्वालियर में प्रियंका गांधी की रैली विधानसभा चुनाव अभियान के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित होगी। ग्वालियर चंबल संभाग की 90 फीसदी सीटें जीतना इस बार कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य है। ऐसे में प्रियंका गांधी यहां कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकती हैं। 12 जून को महाकौशल क्षेत्र के जबलपुर में प्रियंका गांधी की विजय शंखनाद रैली के बाद यह प्रदेश में उनकी दूसरी बड़ी रैली है।