पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ाई MP में ठिठुरन, जम्मू और देहरादून से भी ज्यादा भोपाल-जबलपुर में ठंड
पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 9.8, राजगढ़ में 9.6, नौगांव में 9.3 और उमरिया में 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भोपाल समेत कई इलाकों में जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। अगले कुछ दिनों तक ठंड का कहर जारी रहने की संभावना है।
भोपाल और जबलपुर शहर तो जम्मू-कटरा और देहरादून से भी ठंडे हैं। एमपी के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में शिमला-मसूरी से भी ज्यादा सर्दी है। इस नवंबर में सर्दी कई साल का रिकॉर्ड भी तोड़ चुकी है। भोपाल में 25 साल में यह नवंबर सबसे ठंडा है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत सभी शहरों में तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है।
राजधानी भोपाल समेत पांच शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।प्रदेश के सभी जिलों का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। विभाग ने संभावना जताई है कि कुछ स्थानों पर कोहरा छा सकता है।
मंगलवार को प्रदेश का न्यूनतम तापमान गिरकर 5.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मैदानी जिलों की बात करें तो यहां न्यूनतम पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मैदानी जिलों में मंडला सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा भोपाल में 9.8, राजगढ़ में 9.6, नौगांव में 9.3 और उमरिया में 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की रात में जम्मू-कश्मीर के जम्मू सिटी में 10.6 डिग्री, कटरा में 10.2 डिग्री, हिमाचल प्रदेश के शिमला में 7.4 डिग्री, चंबा में 6.9 डिग्री और उत्तराखंड के देहरादून में 10.2 डिग्री, मसूरी में 7.8 डिग्री तापमान रहा था। इस तरह भोपाल, जबलपुर शहर जम्मू, कटरा-देहरादून से ज्यादा ठंडे रहे। वहीं, पचमढ़ी में तो शिमला-मसूरी जैसे शहरों से भी ज्यादा सर्द दर्ज किया गया।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बर्फबारी हो रही है। इस वजह से जेट स्ट्रीम यानी सर्द हवाओं की रफ्तार ज्यादा है। पश्चिम-उत्तर भारत के ऊपर यह 12.6 किमी की ऊंचाई पर 260 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है। इस वजह से प्रदेश में सर्द हवाओं का असर है। इससे दिन और रात में ठिठुरन बढ़ गई है।