खंडवा में मुस्लिम व्यक्ति के घर जबरन प्रतिमा स्थापित करने पर विवाद, दो पक्षों में जमकर हुआ पथराव
खंडवा के मुंशी चौक के पास दो पक्षों में पथराव से तनाव का माहौल पनप गया, पुलिस ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया अन्यथा यह साम्प्रदायिक दंगे का भी रूप ले सकता था

खंडवा। खंडवा में एक मुस्लिम व्यक्ति के घर जबरन हनुमान की प्रतिमा स्थापित करने के चलते दो पक्षों में विवाद उत्पन्न हो गया। जल्द ही इस विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। अब पुलिस हिंसा करने वालों की तलाश में जुटी हुई है।
यह मामला खंडवा के मुंशी चौक का बताया जा रहा है। रविवार रात करीब आठ बजे मुंशी चौक के पास दुबे कॉलोनी में स्थित असगर नामक व्यक्ति के घर में कुछ हिंदू युवक पीछे के रास्ते से घुस आए और मूर्ति स्थापित करने लगे। मूर्ति स्थापित करने के बाद वे पूजा अर्चना भी करने लगे। यह मकान असगर ने हाल ही में गणेश जाधव की पुत्रवधु से खरीदा था और अपने नाम पर उसने रजिस्ट्री भी करवाई है।
इसकी जानकारी मिलने पर मुस्लिम समाज के कुछ युवक भी मौके पर इकट्ठा हो गए और मकान अपना बताते हुए युवकों का विरोध करने लगे। देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया और जल्द ही दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई।
जैसे ही स्थानीय पुलिस को इस पूरे घटनाक्रम की सूचना मिली वैसे ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पहले तो समझाने का प्रयास किया लेकिन मामले को अपने हाथ से जाता देख पुलिस ने बल प्रयोग करना शुरू कर दिया। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए। इस दौरान पुलिसकर्मी घायल भी हो गए। पुलिस अब हिंसा करने वाले युवकों की तलाश में जुटी हुई है।
इससे पहले मुरैना में भी साम्प्रदायिक तनाव की घटना देखने को मिली थी। मुरैना में एक मुस्लिम बस्ती में अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया था। करीब दो दर्जन नकाबपोशों ने बस्ती पर फायरिंग और पथराव किया था। हालांकि गनीमत रही कि उस घटना में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई थी।