देश में नफरत की आग फैल रही है, मोदी चुप क्यों हैं, टारगेट किलिंग और नूपुर शर्मा विवाद पर बोले दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने कहा कि फ्रिंज एलिमेंट क्या होता है, बीजेपी इसकी परिभाषा बताए, योगी आदित्यनाथ को भी फ्रिंज एलिमेंट की श्रेणी में रखा जाएगा, जेपी नड्डा जवाब दें

Updated: Jun 07, 2022, 02:29 PM IST

भोपाल। पैगंबर मोहम्मद को लेकर बीजेपी नेताओं द्वारा की गई घटिया टिप्पणी पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस मसले पर केंद्र सरकार, बीजेपी और आरएसएस को निशाने पर लिया है। सिंह ने कहा है कि पूरे देश में नफरत की आग फैल रही है, नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं?

दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, 'आखिर Fringe एलिमेंट होता क्या है? BJP को इसकी परिभाषा बतानी चाहिए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कितनी बार धर्म के आधार पर नफरत फ़ैलाने वाले बयान दिए हैं, क्या BJP उन्हें भी फ्रिंज एलिमेंट में गिनेगी। जेपी नड्डा इसका जवाब दें।' सिंह ने यह बात बीजेपी द्वारा पार्टी के 38 बड़बोले नेताओं को चिन्हित करने को लेकर कही। 

नफरत की आग पूरे देश में फैल रही है। पहले पत्थरबाजी कश्मीर के कुछ हिस्सों में होती थी। आज पत्थरबाजी की घटनाएं भारत में जगह-जगह होने लगी है। यह स्थिति और भी बिगड़ेगी। क्योंकि ऐसे बयानबाजी करने वालों के खिलाफ एक भी शब्द प्रधानमंत्री ने, गृहमंत्री ने नहीं कहा है। यहां तक कि किसी भी बीजेपी के नेता ने नहीं कहा कि यह गलत हैं। यह बात संघियों को और मोदी के अंध भक्तों को कौन समझाए। वे देश को तबाह करने में लगे हैं।'

कश्मीर में हो रहे टारगेट किलिंग को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि, विवेक अग्निहोत्री आज कहां छिपे हुए बैठे हैं। अनुपम खेर कहां छिपे हुए हैं। क्यों नहीं सामने आकर कुछ कहते? लोगों को जबरदस्ती वहां रोका जा रहा है।' बता दें कि अरब देशों के विरोध के बाद बीजेपी ने 38 बड़बोले नेताओं को चिन्हित किया है। इनमें से 27 चुने हुए नेताओं को अपने मुंह बंद रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही कहा गया है कि धार्मिक मुद्दों को लेकर बयान देने से पहले पार्टी से अनुमति लें।