Updated: Dec 30, 2023, 04:19 AM IST
मध्यप्रदेश में कंपकंपाती ठंड के बीच लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। साथ ही कहीं-कहीं घने कोहरे और बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है। छत्तीसगढ़ के मौसम की बात करें तो आज छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले दिनों में दोनों राज्यों में मौसम में बदलाव की संभावना है। मध्य प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी नए साल पर बारिश हो सकती है।
वही मौसम विभाग ने आज प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। साथ ही घने कोहरे से के कारण विजिबिलिटी कम रहेगी, जिससे यातायात प्रभावित रहेगा। आज सुबह-सुबह मुरैना, ग्वालियर, दतिया, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़,छतरपुर, पन्ना, सतना, मऊगंज और रीवा में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा गुना,अशोकनगर ,शिवपुरी,विदिशा, दमोह ,कटनी और सीधी में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 दिसंबर से 4 जनवरी के बीच प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। नए साल से मौसम का मिजाज बदल सकता है। घने कोहरे और बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस मंडला में, जबकि खरगोन में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जबकि छत्तीसगढ़ के मौसम की बात करें तो आज छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में राज्य के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने की संभावना है। शुक्रवार को अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा. यहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक नए साल पर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। 1 जनवरी से नया सिस्टम एक्टिव होने के कारण सरगुजा संभाग और आसपास के जिलों में बारिश होने के आसार हैं। 1 से 4 जनवरी तक राज्य के कई जिले भीग सकते हैं।
बता दें मौसम विभाग ने एमपी में 30 दिसबंर से 4 जनवरी तक कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ-साथ ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक भोपाल, सागर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और रीवा संभाग के जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है, जबकि इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर और शहडोल में बूंदाबांदी हो सकती है।