बैरागढ़ के व्यापारी भाजपा से नाराज़, मुख्य बाजार में एलिवेटेड ब्रिज निर्माण के विरुद्ध दिग्विजय सिंह से की मुलाकात

सिंह ने व्यापारियों की मांगों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को लिखा पत्र, व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर समस्या सुलझाने का भी दिया आश्वासन

Updated: Aug 19, 2023, 05:59 PM IST

बैरागढ़। भोपाल के बैरागढ़ में एलिवेटेड डबल डेकर ब्रिज निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश है। बैरागढ़ के व्यापारियों ने निर्माण से होने वाली संभावित तोड़फोड़ को लेकर चिंता व्यक्त की है। व्यापारियों के एक डेलीगेशन ने शुक्रवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से मुलाकात की और उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराया। 

बैरागढ़ के व्यापारियों से मुलाकात के बाद दिग्विजय सिंह ने उन्हें केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा करने का आश्वासन दिलाया। सिंह ने इस संबंध में व्यापारियों की मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री गडकरी को पत्र भी लिखा है। व्यापारियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की सेतु शाखा ने ब्रिज की चौड़ाई 44 मीटर तय की है। इसी के अनुरूप टेंडर भी जारी हो गए हैं। जबकि शहर के बीच 20 मीटर जगह ही है। ब्रिज निर्माण से शहर की तबाही होगी, इसलिए इस ब्रिज को तालाब किनारे शिफ्ट किया जाना चाहिए। 

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने इस मामले में व्यापारियों के पत्र की मूल कॉपी नितिन गडकरी को प्रेषित की है। साथ ही कहा कि वे केंद्रीय मंत्री से व्यक्तिगत चर्चा भी करेंगे। सिंह से व्यापारियों की मुलाकात के बाद थोक वस्त्र व्यवसाय संघ भी सक्रिय हो गया है। थोक वस्त्र व्यवसाय संघ के अध्यक्ष कन्हैया इसरानी ने व्यापारियों की एक बैठक बुलाई है। संघ की कोशिश है कि बीजेपी नेताओं से बात कर ब्रिज की चौड़ाई कम कराई जाए। हालांकि, अधिकांश व्यापारियों का कहना है कि ब्रिज बनने से दुकानें भले ही न टूटें, लेकिन कारोबार तो प्रभावित होगा ही। ऐसे में मेन रोड पर ब्रिज बनाने की जरूरत नहीं, केवल बीआरटीएस लेन बना दी जाए तो मेन रोड की सुंदरता बढ़ जाएगी और यातायात व्यवस्था भी सुधर जाएगी।

व्यापारी ब्रिज को तालाब के किनारे शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच ब्रिज निर्माण को लेकर एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, वर्क ऑर्डर जारी होने के पहले ही साइल टेस्टिंग शुरू हो गई है। अभी टेंडर की प्रक्रिया भी जारी है, इसके बावजूद एक कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। ऐसे में सवाल उठा रहे हैं कि बिना टेंडर जारी हुए कोई कंपनी कैसे काम शुरू कर सकती है? मामले पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि, 'कल बैरागढ के व्यापारी मुझसे मिले। जिसमें सभी वर्ग और दलों के लोग थे। सभी की शिकायत है कि उनके व्यापारिक इलाक़े में प्रस्तावित एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण रोका जाए या उसका एलाइनमेंट बदला जाए। इधर सरकार से बिना टेंडर पास हुए ही ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया है। ये ठेकेदार और ठग “राज” का रिश्ता क्या कहलाता है?'