MP में किसानों का अनोखा प्रदर्शन, प्याज और लहसुन की निकाली शव यात्रा, भाव नहीं मिलने से हैं परेशान

मंडी में व्यापारी अच्छा भाव नहीं दे रहे हैं, किसानों के पास उपज लंबे समय तक रखने का इंतजाम भी नहीं, नाराज और परेशान किसानों ने निकाली लहसुन और प्याज की शव यात्रा

Updated: Aug 08, 2022, 11:42 AM IST

देवास। अच्छी उपज होने के बावजूद मध्य प्रदेश के किसानों की परेशानियां खत्म नहीं हो रही है। यहां की मंडियों में लहसुन और प्याज का रेट लागत मूल्य से भी कम मिल रहा है। जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। देवास में भाव नहीं मिलने से परेशान किसानों ने विरोध स्वरूप लहसुन और प्याज की शवयात्रा निकाली।

दरअसल, सही दाम न मिलने से देवास के किसान भड़के हुए हैं। हर जगह किसान परेशान नजर आ रहा है। किसानों को प्याज और लहसुन की फसल से कुछ उम्मीद थी। लेकिन, जब उनके दाम भी सही नहीं मिले तो किसानों का सब्र जवाब दे गया। नाराज किसानों ने युवा किसान संघ के नेतृत्व में लहसून व प्याज के कट्टे रखकर उनकी शवयात्रा निकाल दी। 

लहसुन प्याज का शव यात्रा भोपाल चौराहा देवास से शुरू होकर बस स्टैंड, लाल गेट, उज्जैन चौराहा व नगर निगम के सामने से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पर पहुंचकर ज्ञापन दिया। इस दौरान कई किसानों ने गले में प्याज और लहसुन की माला भी पहनी थी। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर चेतावनी भी दी। उन्होंने राज्य शासन से फसलों का उचित दाम देने की मांग की है।

प्रदर्शन कर रहे राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ जिलाध्यक्ष गगन सिंह पटेल ने कहा कि हमारा देश एक कृषि प्रधान देश है। इस देश में हम हमारी फसलों को बच्चों तरह रखते हैं। लेकिन, बहुत दुर्भाग्य की बात है कि हमें इन्हीं फसलों को कंधे पर उठाकर शवयात्रा के रुप में भोपाल चौराहे से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक आना पड़ा। हमारी फसलों का हमें सही दाम नहीं मिल रहा। हमने जो लागत लगाई है वह भी नहीं निकल पा रही। उचित दाम नहीं मिला तो आने वाले समय में किसान आत्महत्या के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान वहां मौजूद किसानों ने कहा, 'हम चाहते हैं कि सरकार लहसुन और प्याज का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करे और अन्य सब्जियों के दाम भी फिक्स करे. हमारी मांगे नहीं मानी गई तो हम वोट की चोट करेंगे। शिवराज सरकार को 2023 में हार का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। 

युवा किसान संगठन अध्यक्ष रविंद्र चौधरी ने शिवराज सरकार को चेताते हुए कहा कि लहसुन का 5000 रुपये प्रति क्विंटल व प्याज का 2000 प्रति क्विंटल रेट फिक्स होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समर्थन मूल्य से सरकार ने नहीं खरीदा तो पूरे प्रदेश में युवा किसान संगठन सड़कों पर आंदोलन करेगी। सरकार की किसान विरोधी नीतियों को किसानों के बीच लेकर जाएगी।