UP के भाजपा नेता के साथ मध्य प्रदेश में लूटपाट, परिवार के साथ महाकाल दर्शन के लिए जा रहे थे

नागपुर-प्रयागराज हाईवे पर भाजपा नेता सुजीत सिंह जब रेस्ट के लिए कार से उतरे, उसी दौरान 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया और लूटपाट की।

Updated: Jun 20, 2025, 05:16 PM IST

जबलपुर। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले भाजपा नेता सुजीत सिंह के साथ मध्य प्रदेश में लूटपाट हुई है। जानकारी के अनुसार वह परिवार के साथ मैहर दर्शन के बाद बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहे थे। नागपुर-प्रयागराज हाईवे पर जब वह रेस्ट के लिए कार से उतरे, उसी दौरान 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया और लूटपाट की।

भाजपा नेता सुजीत सिंह अपनी पत्नी, बेटे, साथी और ड्राइवर के साथ मैहर दर्शन करने आए थे। यहां से वह 18 जून की रात 9 बजे जबलपुर के लिए रवाना हुए। रात करीब 11 बजे उन्होंने गाड़ी खितौला थाने के पास हाईवे पर रोकी। इसी दौरान तलवार और रॉड से लैस चार से 5 हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। 

यह भी पढ़ें: MP: शिलान्यास पट्टी पर नाम नहीं देख भड़के नेताजी, फावड़े से तोड़ डाली पट्टी

हमला इतना अचानक और तेज था कि संभलने तक का मौका नहीं मिला। बदमाश चेन लूटकर भागने लगे। इस बीच ड्राइवर ने गाड़ी का हूटर बजा दिया, जिससे घबराकर बदमाश भाग निकले। आरोपियों ने भाजपा नेता की हीरे का लॉकेट लगी सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार जबलपुर के खितौला थाना पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार को भाजपा नेता सुजीत सिंह ने जबलपुर में कहा कि घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस ने सिर्फ मामला दर्ज कर खानापूर्ति की। अगर तुरंत एक्शन लिया जाता तो आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में होते। सुजीत सिंह ने जबलपुर पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- अगर यही घटना उत्तरप्रदेश में होती तो आरोपी अब तक पकड़े जा चुके होते।

घटना को लेकर एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि सुजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। कुछ लोगों को चोट भी आई है, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है। उन्होंने बताया कि इसी तरह की लूटपाट की घटनाएं पहले भी जबलपुर, कटनी और मैहर में हो चुकी हैं।