रविवार से बीजेपी की विकास यात्रा प्रारंभ, 5 करोड़ लोगों तक पहुँचने का लक्ष्य

सीएम शिवराज भिंड से करेंगे यात्रा की शुरुआत, BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा कटनी से यात्रा शुरू करेंगे, 21 दिनों तक चलेगी यह यात्रा

Updated: Feb 05, 2023, 09:32 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में आज से BJP की विकास यात्राएं शुरू हो रही है। सीएम शिवराज विकास यात्रा की शुरुआत करने भिंड पहुंचे हैं। वहीं बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कटनी से यात्रा की शुरुआत की। 21 दिन तक चलने वाली यह विकास यात्रा हर विधानसभा क्षेत्र के गांव, वार्ड तक जाएगी। बीजेपी का लक्ष्य इन 21 दिनों में 5 करोड़ लोगों तक पहुंचने का है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, "आज संत रविदास जयंती है। ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न’। संत रविदास के चरणों में प्रणाम करते हुए उनसे प्रेरणा लेकर भाजपा की सरकार ऐसा ही राज बनाने की कोशिश कर रही है। आज संत रविदास जयंती के कार्यक्रम हर पंचायत में हो रहे हैं। हम पूरी श्रद्धा और पूरे उत्साह के साथ संत रविदास जयंती पूरे प्रदेश में मना रहे हैं। 8 तारीख को सागर में संत रविदास महाकुंभ होगा। गरीब का कल्याण हमारा संकल्प है। आज से प्रदेश भर में विकास यात्राएं शुरू हो रही हैं। किसी योजना से यदि कोई व्यक्ति छूट गया है, तो हम उन्हें जोड़ेंगे। जिंदगी सुरक्षित करने के लिए हम बीमा योजनाओं के फार्म भराएंगे। ये जनता की सेवा का बड़ा अभियान है।"

यह भी पढ़ें: सिंधिया के गढ़ को भेदने की तैयारी में कमलनाथ, आज ग्वालियर-मुरैना शक्ति प्रदर्शन करेंगे PCC चीफ

जानकारी के मुताबिक विकास यात्रा को लेकर मंत्रियों और विधायकों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के किसी रविदास मंदिर से इस यात्रा की शुरुआत करें। विकास यात्रा के उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बीजेपी के कार्यकर्ता और तमाम योजनाओं के हितग्राहियों को भी बुलाकर उनसे संवाद करें। भाजपा के कई मंत्री और विधायक ऐसे हैं जिनके फील्ड में न जाने को लेकर संगठन को लगातार शिकायतें मिलतीं रहतीं हैं। कई मर्तबा इन विधायकों को हिदायतें देकर फील्ड में सक्रिय रहने को भी कहा गया है।

विकास यात्रा के दौरान पूरे हो चुके निर्माण कार्यों के लोकार्पण किए जाएंगे। जो काम किए जाने हैं उनके भूमिपूजन होंगे। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में जिनके नाम जोडे गए उन हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र दिए जाएंगे। साथ ही केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से छूटे हितग्राहियों को जोड़ने की भी योजना है। विकास यात्रा में चलने वाले प्रचार रथ के वाहन को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें वाहनों का चयन करने से पहले उसका बीमा, फिटनेस जांचने को कहा गया है। हर विधानसभा में एक प्रचार रथ संचालित किया जाएगा। 

उधर राजधानी भोपाल में BJP से पहले कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर दिया। दरअसल, भोपाल के सेवनिया ओंकार गांव में बीजेपी ने विकास यात्रा रखी थी। इसके तहत निर्माण कार्यों का भी भूमि पूजन होना था। भाजपा नेता पहुंचते, इससे पहले शर्मा ने भूमि पूजन कर दिया। BJP नेता और पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि जबरन श्रेय लेने के लिए शर्मा ने भूमि पूजन कर दिया। ये ठीक नहीं है।