ना समय पर एंबुलेंस मिली ना वक्त पर इलाज, सड़क हादसे में घायल महिला की मौत, पति और बच्चा इलाज के लिए भटक रहे

विदिशा के लटेरी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की लापरवाही से सड़क हादसे में घायल महिला की मौत, पति औऱ बच्चा गंभीर, डाक्टर पर इलाज नहीं करने का आरोप

Updated: Apr 10, 2021, 07:33 AM IST

विदिशा। धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टरों की अमानवीयता का मामला सामने आया है। विदिशा जिले के लटेरी स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों पर मरीज का इलाज नहीं करने का आरोप लगा है। दरअसल यहां सड़क हादसे में  एक महिला, उसका पति और बच्चा घायल हो गए थे। महिला के पति औऱ तीन साल के बच्चे की हालत गंभीर है। जबकि इलाज के अभाव में गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई। वहीं पति और बच्चा इलाज के लिए भटक रहे हैं।

 

अस्पताल में उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। डॉक्टर ने घायल बच्चे औऱ उसके पिता की मलहम पट्टी तक नहीं की। और ना ही उसका इलाज किया गया। घायल मरीज के परिजनों का आरोप है कि लटेरी स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रिश्तेदार हैं।

सीएम का रिश्तेदार होने की धौंस दिखाते हैं, अस्पताल में मनमानी करते हैं। परिजनों का रोरो कर बुरा हाल है, उनका कहना है कि अगर वक्त पर एंबुलेंस मिल जाती तो उनकी बहू को बचाया जा सकता था। वहीं अस्पताल में इलाज नहीं मिलने पर परिजनों ने कहा कि ऐसे अस्पताल का क्या फायदा जहां मरीज का इलाज ही ना हो पाए।