भारत जोड़ो यात्रा के लिए बड़ा दिन, आज श्रीनगर के लाल चौक पर देश का झंडा फहराएंगे राहुल गांधी

भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव है। सोमवार को श्रीनगर में यात्रा का समारोह होना है लेकिन उसके पहले रविवार को राहुल गांधी श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराएंगे।

Updated: Jan 29, 2023, 09:35 AM IST

श्रीनगर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा’ अंतिम चरण में है। कन्याकुमारी से चली यह यात्रा कश्मीर में समाप्त होगी। भारत जोड़ो यात्रा के लिए आज बड़ा दिन है। आज दोपहर करीब 12 बजे राहुल गांधी श्रीनगर के ऐतिहासिक लालचौक पर तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद 2 बजे वह पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा, "एक पदयात्रा... कन्याकुमारी से कश्मीर तक, नफरत को हराकर- दिलों को जोड़ने के लिए। असंभव सी लगने वाली भारत जोड़ो यात्रा इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुकी है... जो आज पन्था चौक से सोनवार चौक तक जाएगी और लाल चौक पर गर्व से तिरंगा फहराएगी. यात्रा जारी है और जय हिंद सब पर भारी है।"

यह भी पढ़ें: सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई, राहुल गांधी की सुरक्षा चूक पर जम्मू कश्मीर पुलिस ने दी सफाई

यात्रा के समापन समारोह में कांग्रेस की तरफ से तमाम विपक्षी दलों को भी न्योता दिया गया है। इसके पहले शनिवार को जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी यात्रा में शामिल हुईं। महबूबा मुफ्ती अपनी बेटी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने यात्रा की जमकर तारीफ भी की।

इसके पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी को समर्थन दिया था। उमर अब्दुल्ला बनिहाल में राहुल गांधी के साथ यात्रा में जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि इस यात्रा का उद्देश्य राहुल गांधी की छवि सुधारना नहीं, बल्कि देश की छवि सुधारना है। उन्होंने कहा कि यात्रा को बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

5 महीने तक चली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का सोमवार (30 जनवरी) को जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में समापन होना है। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में समापन समारोह होना है, जिसमें कांग्रेस को भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। पार्टी की तरफ से समान विचारधारा वाली क्षेत्रीय पार्टियों और उनके नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है।