Digvijaya Singh: राजनाथ सिंह अगर पीएम को कानून वापसी के लिए मना नहीं पा रहे तो इस्तीफा दें

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा है कि राजनाथ सिंह अगर कृषि क़ानूनों को वापस लेने लिए प्रधानमंत्री मोदी को मना नहीं पा रहे हैं तो उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देना चाहिए

Updated: Jan 29, 2021, 10:36 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने विवादित कृषि कानूनों के मुद्दे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से आगे आने को कहा है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि अगर राजनाथ सिंह विवादित कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए मोदी जी को मना नहीं पा रहे हैं, तो उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देना चाहिए। 

दिग्विजय सिंह ने यह उम्मीद भी जताई है कि राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को कृषि कानूनों की वापसी के लिए मनाने की भरपूर कोशिश की होगी। लेकिन अहंकारी मोदी जी माने नहीं होंगे। दिग्विजय सिंह ने राजनाथ सिंह से पूछा है कि अगर वे कानून वापस लेने के लिए मोदी जी को नहीं मना पा रहे हैं तो क्या उन्हें पद से इस्तीफा नहीं दे देना चाहिए? 

कांग्रेस नेता ने ट्विटर पर लिखा है, ' राजनाथ सिंह जी आपको फिर याद दिला रहा हूँ आपने राकेश टिकैत को किसानों के विषय में क्या आश्वासन दिया था। उसका वीडियो मैं पूर्व में भी सोशल मीडिया पर डाल चुका हूँ।' दिग्विजय सिंह ने आगे कहा, 'यदि आप मोदी जी को किसान विरोधी क़ानून वापस लेने के लिए नहीं मना पा रहे हैं (मुझे विश्वास है आपने अवश्य प्रयास किया होगा लेकिन अहंकारी मोदी जी ने आपकी नहीं सुनी होगी) तो क्या आपको मंत्री परिषद से इस्तीफ़ा नहीं दे देना चाहिए?' 

अपने क्षत्रिय धर्म का परिचय दें राजनाथ : दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने राजनाथ सिंह से पूछा है कि आखिर उनका क्षत्रिय धर्म कब जागृत होगा? दिग्विजय सिंह ने राजनाथ सिंह को क्षत्रिय धर्म का पालन करने की नसीहत दी है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है, 'आपका क्षत्रिय धर्म कब जागृत होगा? भगवान राम का मंदिर निर्माण हो रहा है रामचरितमानस में क्या कहा गया है। “रघुकुल रीत सदा चली आई,प्राण जाये पर वचन ना जाई।”ज़रा सोचिए और अपने क्षत्रिय धर्म का परिचय दें।