महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने छेड़ा अभियान, विजय चौक पर राहुल गांधी के नेतृत्व में धरने पर बैठे सभी सांसद

देशभर में जिला और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस का महंगाई मुक्त भारत अभियान, राजधानी दिल्ली में विजय चौक पट बैठे कांग्रेस सांसद, गैस सिलिंडर और मोटर बाइक को दी श्रद्धांजलि

Updated: Mar 31, 2022, 10:07 AM IST

नई दिल्ली। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ देशव्यापी अभियान छेड़ दिया है। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार से महंगाई मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी सांसदों ने आज राजधानी दिल्ली स्थित विजय चौक पर धरना दिया।

राहुल गांधी ने इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, 'केंद्र सरकार की एकमात्र मंशा है की किस तरह गरीबों की जेब से पैसा निकालकर अपने पूंजीपति मित्रों को दिया जाए। चुनाव बाद सरकार अब हर रोज पेट्रोल-डीजल महंगा कर रही है।' उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि हमने पहले ही लोगों को बताया था कि चुनाव से पहले ही टंकी फूल करवा लें, चुनाव बाद महंगाई का हथौड़ा चलेगा।

राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार से यही मांग है कि वो महंगाई को नियंत्रित करे। 400 रुपए की गैस सिलिंडर को इन्होंने हजार के पार कर दिया, पेट्रोल 100 के पार है। ये इतिहास में कभी नहीं हुआ। इस  दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के सभी सांसद मौजूद रहे।

विजय चौक पर राहुल गांधी ने गैस सिलिंडर और मोटरबाइक को श्रद्धांजलि देकर बढ़ती महंगाई का सांकेतिक विरोध किया। इसके बाद एक-एक कर सभी कांग्रेस नेताओं ने माल्यार्पित कर मोटर बाइक और गैस सिलिंडर को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि, 'मोदी सरकार जैसे आम लोगों की जेबों में डाका डाल रही है, हम उसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 10 दिनों में 9 बार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ाने से मोदी जी ने एक इतिहास बना दिया। हमारी मांग है कि यह दाम सरकार वापस ले।'

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि जब पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ते हैं तब हर चीज़ के दाम बढ़ते हैं। जब दुनिया में कच्चे तेल के दाम सबसे कम थे तब भी यह सरकार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ा रही थी। 101 रुपये का तेल भराने में 52 रुपये सरकार के पास एक्साइज टैक्स के रूप में जा रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस का यह अभियान तीन चरणों में 31 मार्च से 7 अप्रैल तक चलेगा। दूसरा चरण 2 से 4 अप्रैल और अंतिम चरण 7 अप्रैल तक चलेगा। देश के सभी राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान के तहत प्रदर्शन कर रहे हैं।