Congress Working Committee: नए कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव जून तक
कांग्रेस के संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी के आंतरिक चुनाव का शिड्यूल विधानसभा चुनावों की वजह से आगे खिसकाया गया, राज्यों के चुनाव ख़त्म होने के बाद होगा नए अध्यक्ष का चुनाव

नई दिल्ली। कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव जून 2021 तक हो जाएगा। यह चुनाव पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बाद कराए जाएंगे। यह एलान आज कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कांग्रेस कार्यमिति की बैठक के बाद किया। इससे पहले खबरें आ रही थीं कि नए कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव इसी साल मई में किया जा सकता है। लेकिन वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस के आंतरिक चुनावों के शिड्यूल को विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए थोड़ा आगे खिसकाने का फैसला हुआ है। नया शिडयूल जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परंपरा के मुताबिक नए कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही कांग्रेस कार्यसमिति के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
LIVE - Press Briefing by Shri @kcvenugopalmp & Shri @rssurjewala https://t.co/QXy8uTOFa4
— AICC Communications (@AICCMedia) January 22, 2021
कार्यसमिति की बैठक में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी का शेड्यूल पढ़ा। वेणुगोपाल ने कहा कि इसके बाद सभी सदस्यों ने अनुरोध किया कि अप्रैल-मई में 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। इसलिए संगठन के चुनाव का कार्यक्रम थोड़ा आगे खिसका दिया जाए। वेणुगोपाल ने कहा कि इस मसले पर पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है। सभी ने एक राय से फैसला किया है कि विधानसभा चुनाव के बाद ही कांग्रेस के आंतरिक चुनाव कराए जाएंगे। यह फ़ैसला इसलिए किया गया है ताकि पार्टी के आंतरिक चुनावों के चलते चुनाव से ध्यान न भटके।
2019 के लोकसभा चुनावों में हार के बाद इसकी जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद सोनिया गांधी को एक बार फिर से अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर पार्टी की कमान सँभालनी पड़ी। राहुल गांधी ने अपने इस्तीफे के साथ ही यह भी साफ कर दिया था कि वो फिर से यह पद नहीं सँभालेंगे। ख़बरें तो यहां तक आईं कि उन्होंने प्रियंका गांधी के नाम को भी यह कहते हुए दरकिनार कर दिया था कि अब गांधी परिवार से कोई भी पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनेगा।
इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने दिसंबर में कई अहम बैठकें कीं। देशभर में पार्टी संगठन में बड़े बदलाव भी हुए। इसी बीच ऐसी खबरें फिर से तेज़ हो गईं कि पार्टी के बहुत से नेता फिर से राहुल गांधी को इस पद पर देखना चाहते हैं। हालांकि यह बात भी बार-बार कही जाती रही है कि कांग्रेस पार्टी का अगला अध्यक्ष आंतरिक चुनावों के जरिये चुना जाएगा।