कंधा देने से लेकर अर्थी विसर्जन तक, रोने वालों का भी इंतजाम करेगी यह कंपनी, प्री बुकिंग की भी सुविधा

दिल्ली ट्रेड फेयर में एक स्टाल लगा है, जिसे देखकर सब हैरान हैं। यह स्टाल सुखांत फ्यूनरल का है। सुखांत फ्यूनरल अंतिम संस्कार सेवाएं देने वाली कंपनी है।

Updated: Nov 20, 2022, 06:09 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली ट्रेड फेयर में इन दिनों एक खास स्टाल चर्चा विषय बन गया है। इसकी तस्वीरें सोशल मिडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। दरअसल, यहां पर वो सभी वस्तुएं उपलब्ध हैं जो किसी इंसान की मौत के बाद काम आती हैं। यह स्टाल सुखांत फ्यूनरल का है। सुखांत फ्यूनरल अंतिम संस्कार सेवाएं देने वाली कंपनी है।

दिल्ली ट्रेड फेयर में लगे इस स्टाल पर जिसकी भी नजर पड़ रही है, उसके मुंह से सबसे पहले यही निकलता है कि "हे भगवान! अब यही देखना बाकी था"
लेकिन थोड़ी देर बाद ही लोगों को अहसास होता है कि इस भागदौड़ भरी जिंदगी में यह अब समय की जरूरत है। सुखांत फ्यूनरल एक स्टार्टअप कंपनी है। 

यह कंपनी अंतिम संस्कार का सारा काम संभालती है। कंधा देने वाले लोगों से लेकर पंडित- नाई और यहां तक कि अस्थि विसर्जन की जिम्मेदारी भी कंपनी की ही है। यदि किसी की मौत पर घर में कोई रोने वाला नहीं हो तो कंपनी रोने वालों की भी व्यवस्था करती है। यही नहीं, आप अंतिम संस्कार की प्री-बुकिंग भी करा सकते हैं। यानी ग्राहक मृत्यु से पहले ही स्वयं अपने अंतिम संस्कार की बुकिंग करा सकता है। 

ऐसा नहीं है कि यह सेवा कोई नया आविष्कार हो। दुनिया के कई देशों में यह सर्विस आम है, लेकिन अब भारत में भी यह शुरू हो चुकी है। भारतीयों के लिए फिलहाल यह सर्विस नया है। सुखांत फ्यूनरल की साइट पर सर्विसेज वाले टैब में तीन विकल्प हैं। प्री-प्लान मोक्ष, अतिम संस्कार सेवा और अदर सर्विसेज। प्री-प्लान मोक्ष सेवा में आप अपनी अंतिम यात्रा एडवांस में प्लान कर सकते हैं। इसमें सिल्वर प्लान की कीमत 37,700 रुपये है। 

यह भी पढ़ें: घंटों तक लाइन में खड़े रहे और फिर गिरे तो उठे नहीं, CM के गृहक्षेत्र सीहोर में खाद खरीदने गए किसान की मौत

कंपनी का कहना है, जब तक प्लान होल्डर जीवित रहेगा उसके जन्मदिन जैसे सुनहरे पल सेलिब्रेट किये जाएंगे। इसके अलावा अदर सर्विसेज में कंपनी, लीगल हेल्प, ट्रिब्यूट फिल्म मेकिंग, अखबार में शोक संदेश छपवाने, शोक सभा आयोजित करने, अस्थि विसर्जन और ऑर्गन डोनेशन जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराती है। 

सोशल मीडिया पर लोग इस स्टार्टअप को लेकर अपनी राय रख रहे हैं। लोगों का कहना है कि न्यूक्लियर फैमिली के दौर में यह समय की मांग है। एक यूजर ने लिखा कि बड़े शहरों में इस सुविधा को होना बेहद जरूरी है। वहीं, एक यूजर ने लिखा कि संयुक्त से एकल परिवार होने और अब अकेले रहने वाले लोगों के लिए यह स्टार्टअप है। एक यूजर ने लिखा कि आने वाले समय में यह स्टार्टअप काफी बड़ी कंपनी बनेगा।