विपक्ष के दबाव के बाद जागी सरकार, आज रात तक पूर्व सैनिकों के खाते में आ जाएगी पेंशन

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों का मुद्दा उठाते हुए ट्वीट किया कि वन रैंक, वन पेंशन के धोखे के बाद अब मोदी सरकार ऑल रैंक ने पेंशन की नीति अपना रही है

Updated: May 04, 2022, 01:52 PM IST

Photo Courtesy : NDTV
Photo Courtesy : NDTV

नई दिल्ली। पिछले दो-तीन महीनों से सेना के पूर्व जवानों को पेंशन मिलने में दिक्कत हो रही है। किसी को देर से पेंशन मिल रही है तो किसी को कम पेंशन मिल रही है। इस बार अप्रैल महीने की पेंशन रिटायर्ड सेना को अभी तक नहीं मिली है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बुधवार को यह मुद्दा उठाने के बाद केंद्र सरकार अब जागी है। 

बताया जा रहा है कि आज रात तक पूर्व सैनिकों के खाते में पेंशन आ जाएगी। दरअसल, 58, 275 पूर्व सैनिकों की अप्रैल महीने की पेंशन अब तक उनके बैंक खाते में नहीं आई है। जबकि नियमानुसार 29 से 30 अप्रैल तक उन्हें पेंशन मिल जानी चाहिए। पेंशन नहीं मिलने के बाद कई रिटायर्ड सैनिकों ने ट्विटर पर अपने गुस्से का इजहार किया था।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाते हुए ट्वीट किया कि, '‘One Rank, One Pension’ के धोखे के बाद अब मोदी सरकार 'All Rank, NO Pension' की नीति अपना रही है। सैनिकों का अपमान देश का अपमान है। सरकार को पूर्व सैनिकों की पेंशन जल्द से जल्द देनी चाहिए।"

मामले पर बवाल बढ़ता देख रक्षा मंत्रालय ने इस मामले में तेजी से हस्तक्षेप किया। आज रात तक सबके खाते में उनकी पेंशन की रकम आ जाने की संभावना है। जिन पूर्व सैनिकों को अप्रैल की पेंशन नहीं मिली, उनमें थ्री स्टार रैंक के पूर्व अधिकारी भी शामिल हैं।