कोरोना से जंग : खाली करवा रहे कॉलोनियां

प्रदेश में 3,880 कोरोना पॉजिटिव, जिसमें 2000 केवल इंदौर में

Publish: May 13, 2020, 12:34 AM IST

Photo courtesy : the hindu
Photo courtesy : the hindu

कोरोना वायरस का संक्रमण मुंबई के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में तेज़ी से फ़ैल रहा है। एमपी के सबसे बड़े हॉटस्पॉट इंदौर में कोरोना पॉजिटिव मरीज़ों का आंकड़ा 2000 के पार पहुँच गया है। यहां अब 2016 कोरोना संक्रमित मरीज़ हैं। वहीं मौत का आंकड़ा 92 है। प्रदेश में 3,880 कोरोना संक्रमित मरीज़ हैं, जिसमें 2000 केवल इंदौर में ही हैं। पहले खजराना, फिर टाटपट्टी बाखल और अब किला मैदान रोड शहर के हॉटस्पॉट बन गए हैं। पिछले 24 घंटे में क्षेत्र में 20 से ज़्यादा संक्रमण के मामले सामने आये हैं। किला मैदान क्षेत्र की पेनजान कॉलोनी में कोरोना के 13 और कमला नेहरू कॉलोनी में कोरोना के 9 पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद से इंदौर शहर में किला मैदान रोड अब कोविड-19 का नया हॉटस्पॉट बन गया है। बड़ी संख्या में पॉजिटिव मरीज़ मिलने के बाद इंदौर प्रशासन ने इलाके में किसी के भी प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया है। क्षेत्र की सभी कॉलोनियों को सेनिटाइज़ किया जा रहा है। स्वास्थ्य अमले ने यहां लोगों के सैंपल और जांच की क्षमता बढ़ा दी है। 

Click  कोरोना मरीजों के क्वारंटीन नियमों में बदलाव

इंदौर शहर में जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 2000 के पार पहुँच गई हैं, वहीं भोपाल का जहांगीराबाद प्रदेश का सबसे ज़्यादा संक्रमण वाला इलाका बन गया है। यहां अब तक 189 कोरोना पॉजिटिव मरीज़ मिले हैं और 9 लोगों की मौत हुई है। सोमवार को भोपाल में 30 नए केस सामने आए। इनमें से 12 केस जहांगीराबाद इलाके के हैं। इलाके में 7 महीने की मासूम भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई।

इन आंकड़ों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण तोड़ने के लिए और लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए प्रशासन दिन-रात लगा हुआ है। रोज़ाना यहां 300  लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। लगातार बढ़ रही मरीज़ों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने इलाके से लोगों की शिफ्टिंग शुरू कर दी है। पॉजिटिव आने वाले मरीजों के आसपास रहने वाले घरों को खाली कर शहर के सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने अब तक पॉजिटिव मिले मरीज़ों के आसपास के लोगों को चिन्हित कर ऐसे 3000 लोगों को इलाके से निकालकर अस्थाई क्वारंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया है। जहांगीराबाद इलाके को सील कर यहां पुलिसबल तैनात किया है।