दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी भरवाना हुआ महंगा, एक साल में 70 फीसदी तक बढ़े दाम

महंगाई के साथ हुई सुबह की शुरुआत, सीएनजी के दाम में एक रुपए की बढ़ोतरी, पिछले एक साल में सीएनजी की कीमतों में करीब 70 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।

Updated: Dec 17, 2022, 05:01 AM IST

नई दिल्ली। देश में महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही। पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ एलपीजी की बढ़ी कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ रखा है। वाहनों में ईंधन के रूप में यूज होने वाली कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में एक बार फिर से बढ़ोतरी की गई है। 

इस बार इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने 95 पैसे बढ़ाए हैं। ये रेट 17 दिसंबर की सुबह 6 बजे से लागू हो गए हैं। दिल्ली में सीएनजी की कीमत 79.56 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 82.12 रुपए किलोग्राम है। 

इससे पहले सीएनजी के प्राइस में बदलाव 8 अक्टूबर, 2022 को हुआ था। अक्टूबर में दिल्ली में सीएनजी के प्राइस में 3 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बढ़ोतरी हुई थी। तब दिल्ली में सीएनजी के प्राइस 78.61 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया था।

यह भी पढ़ें: युद्ध की तैयारी कर रहा है चीन, हमारी सरकार सोई हुई है: तवांग में हुए झड़प पर बोले राहुल गांधी

पिछले एक साल में सीएनजी की कीमतों में करीब 70 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। साल 2021 में 1 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली में सीएनजी 45.5 रुपये प्रति किलो पर बिक रही थी। आज 17 दिसंबर, 2022 को सीएनजी 79.56 रुपये प्रति किलो पर बिक रही है। ऐसे में 14 महीनों के 34.06 रुपये प्रति किलो की बढ़त सीएनजी के प्राइस में दर्ज की गई है। ऐसे में सीएनजी पिछले 14 महीनों में 73 फीसदी से ज्यादा महंगा हो चुका है।

सीएनजी के दाम के बढ़ते ही इसका असर आम लोगों की जेब पर तुरंत पड़ सकता है। ओला-उबर जैसी सर्विस भी ज्यादा चार्ज कर सकती हैं। वहीं जो लोग रोज ऑटो से सफर करते हैं उन्हें भी अपनी जेब ढीली करनी पड़ सकती है। क्योंकि ट्रांसपोर्ट का कॉस्ट बढ़ेगा, ऐसे में फल-सब्जी के दाम में भी उछाल देखने को मिलेगा। यानी कि महंगाई हर तरफ से बढ़ सकती है।