युद्ध की तैयारी कर रहा है चीन, हमारी सरकार सोई हुई है: तवांग में हुए झड़प पर बोले राहुल गांधी

जयपुर में राहुल गांधी ने कहा कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है, घुसपैठ की नहीं। उनके हथियारों का पैटर्न देखें। वे युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। हमारी सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही है।

Updated: Dec 17, 2022, 03:53 AM IST

जयपुर। भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में मीडिया को संबोधित करते हुए तवांग झड़प का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेता ने सरकार पर चीन द्वारा उत्पन्न खतरे को कम करके आंकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है और हमारी सरकार सोई हुई है।

राहुल गांधी ने कहा कि, 'चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है, घुसपैठ की नहीं। उनके हथियारों का पैटर्न देखें. वे युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। हमारी सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही है। हमारी सरकार सोई हुई है। सरकार चीन की तैयारी को छुपाती है। हिंदुस्तान की सरकार रणनीतिक रूप से काम नहीं करती, इवेंट बेस काम करती है।'

यह भी पढ़ें: मेरे शब्दों को लिख लीजिए, कांग्रेस ही बीजेपी को हराएगी: भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर राहुल

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'जहां जिओ पॉलिटिक्स की बात आती है, वहां इवेंट काम नहीं आते, वहां ताकत काम आती है। विदेश मंत्री के बयान आते रहते हैं, उन्हें अपनी समझ गहरी करने की जरूरत है। चीन ने हमारी जमीन ले ली है। वे सैनिकों पर हमले कर रहे हैं। चीन का खतरा स्पष्ट है। चीन ने 2 हजार स्क्वायर किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया। हिंदुस्तान के 20 जवानों को शहीद किया, हमारे जवानों पर अरुणाचल में हमला कर रहे हैं।'

राहुल गांधी की ये टिप्पणी तवांग सेक्टर पर सरकार के बयान के बाद आई है। हाल ही में सरकार ने कहा था कि चीन ने पिछले सप्ताह 9 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर एकतरफा रूप से यथास्थिति को बदलने की कोशिश की थी। इस दौरान दोनों पक्षों के सैनिक घायल हो गए। भारतीय सेना ने चीन की कोशिश को सफलतापूर्वक निरस्त कर दिया था।