राहुल गांधी पर कोलकाता में FIR दर्ज, सुभाष चंद्र बोस के निधन की तारीख को लेकर हुआ विवाद

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्टर शेयर किया था जिसमें नेताजी की मृत्यु की तारीख 18 अगस्त 1945 बताई गई थी। यह वही तारीख थी, जब नेताजी का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

Updated: Jan 27, 2025, 11:01 AM IST

कोलकाता। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एक और FIR दर्ज की गई है। कांग्रेस नेता के खिलाफ यह मुकदमा इस बार टीएमसी शासित पश्चिम बंगाल में हुई है। इसमें राहुल गांधी के पोस्ट में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मृत्यु की तारीख का उल्लेख करने को लेकर शिकायत की गई है।

यह एफआईआर दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर थाने में दर्ज की गई है। शिकायत स्वयंभू हिंदुत्व समूह अखिल भारतीय हिंदू महासभा द्वारा की गई है। समूह के कार्यकर्ताओं ने दक्षिण कोलकाता में एल्गिन रोड पर नेताजी के पैतृक घर के पास प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी द्वारा की गई विवादित पोस्ट की सामग्री के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया।

दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ, जब राहुल गांधी ने एक्स पर किए एक पोस्ट में नेताजी को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी तस्वीर वाली पोस्टर शेयर की। इसमें नेताजी की मृत्यु की तारीख 18 अगस्त 1945 लिखी गई थी। यह वही तारीख थी, जब नेताजी का विमान ताइहोकू (जो अब ताइपे में है) में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। हालांकि, नेताजी की मृत्यु की सही तारीख की कभी भी पुष्टि नहीं हो पाई और उनके गायब होने के बाद बने आयोगों ने भी इसकी पुष्टि नहीं की।

राहुल गांधी ने लिखा, 'महान क्रांतिकारी, आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि। नेताजी का नेतृत्व, साहस, सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष, सहिष्णुता और समावेशिता के प्रति उनका योगदान आज भी हर भारतीय को प्रेरित करता है। भारत माता के अमर सपूत को मेरा सादर नमन, जय हिंद।'

राहुल गांधी के इसी पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिशें हो रही है। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने भी इसकी आलोचना की है। साथ ही, पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा ने भी राहुल गांधी के इस पोस्ट पर आलोचना की है।