तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से लगी आग, अब तक 11 लोगों की मौत

तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से 8 लोगों की मौक़े पर मौत, 20 गंभीर रूप से घायल, प्रधानमंत्री ने जताया दुख, 2 लाख रूपये मुआवज़े का एलान

Updated: Feb 12, 2021, 11:47 AM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

चेन्नई। तमिलनाडु के विरुधुनगर स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट हो गया। जिसके बाद पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई।  ताज़ा खबर के मुताबिक अबतक 11 लोग हादसे में मौत के शिकार हुए हैं। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है। हादसे में 20 लोगों के गंभीररूप से घायल होने की खबर है। सभी घायलों को शिवकाशी के शासकीय अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

यह हादसा शुक्रवार दोपहर को हुआ। आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। पटाखा फैक्ट्री से लगातार विस्फोट की आवाजें आ रही हैं। आग का धुआं दूर से ही नजर आ रहा है। पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।आसपास के इलाके को खाली करवाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग को दु:खद घटना बताया है। उन्होंने ट्वीट कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है।  

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना जताई है। उन्होंने राज्य सरकार से फैक्ट्री में फंसे लोगों को राहत और सहायता प्रदान करने की अपील की है।

 

 

पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है, आग से इस फैक्ट्री मालिक को बड़े नुकसान की बात सामने आई है। गौरतलब है कि सितंबर 2020 में भी तमिलनाडु की एक अन्य पटाखा फैक्ट्री में आग लगी थी। तब कुड्डालोर की एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से 7 लोगों की मौत हो गई थी।