जम्मू-कश्मीर के भूतपूर्व राज्यपाल जगमोहन का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुःख
राज्यपाल रहते हुए जगमोहन ने घाटी में कई सख्त फैसले किए। आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन की भी रणनीति बनाई। कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार भी रोकने की कोशिश की।

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल जगमोहन मल्होत्रा का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बताया जा रहा है जगमोहन बीते कुछ समय में बीमार चल रहे थे। इलाज़ के दौरान दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख जताया है। वे जम्मू और कश्मीर का गवर्नर बनने के अलावा भाजपा की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहें हैं। उन्हें दिल्ली और गोवा का उपराज्यपाल भी बनाया गया था। जगमोहन लोकसभा के लिए चुने गए थे। इसके साथ ही उन्होंने नगरीय विकास तथा पर्यटन मंत्री का कार्यभार भी संभाला था।
जगमोहन मल्होत्रा के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि - 'जगमोहन जी का निधन हमारे राष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। वह अनुकरणीय प्रशासक और विद्वान थे। उन्होंने हमेशा भारत की बेहतरी की दिशा में काम किया। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।'
Jagmohan Ji’s demise is a monumental loss for our nation. He was an exemplary administrator and a renowned scholar. He always worked towards the betterment of India. His ministerial tenure was marked by innovative policy making. Condolences to his family and admirers. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 4, 2021
उल्लेखनीय है कि जम्मू- कश्मीर का राज्यपाल रहते हुए जगमोहन मल्होत्रा ने घाटी में कई सख्त फैसले किए थे। उन्होंने आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन की भी रणनीति बनाई थी। कश्मीरी पंडितों पर हो रहे अत्याचार रोकने के लिए भी उन्होंने कई कदम उठाए थे। हालांकि उन्हें स्थानीय नेताओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा था। जगमोहन मल्होत्रा को 1991 में पद्मश्री, 1977 में पद्म भूषण और 2016 में पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा गया था।