गोवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस ने बनाया था चुनावी उम्मीदवार

अलेक्सो लोरेंको ने कांग्रेस के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है, वे कर्टोरिम विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक थे, पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें इस सीट से टिकट भी दिया था

Publish: Dec 20, 2021, 10:57 AM IST

Photo Courtesy : livehindustan.com
Photo Courtesy : livehindustan.com

नई दिल्ली। गोवा में कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। गोवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अलेक्सो लोरेंको ने अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उनके कांग्रेस पार्टी छोड़ने की भी खबर सामने आ रही है। हालांकि अलेक्सो लोरेंको की तरफ से अब तक इसकी औपचारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुयी है। लेकिन मीडिया में बतौर विधायक और पार्टी सदस्य के तौर पर भी उनके इस्तीफे की चर्चा चल पड़ी है।  

अलेक्सो लोरेंको ने कांग्रेस पार्टी को छोड़ने का निर्णय ऐसी परस्थिति में लिया जब पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बना चुकी थी। हाल ही में आठ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों की हुयी घोषणा में एक नाम कार्यकारी अध्यक्ष का भी था। अलेक्सो लोरेंको गोवा की कर्टोरिम विधानसभा सीट से विधायक थे। 

यह भी पढ़ें ः सांसदों के निलंबन पर तकरार, सरकार ने सुलह के लिए 4 दलों को भेजा न्योता, विपक्ष ने किया खारिज

अलेक्सो लोरेंको के इस्तीफे के साथ-साथ उनके नयी पार्टी में भी शामिल होने की संभावना जतायी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अलेक्सो लोरेंको जल्द ही तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। अलेक्सो से ठीक पहले गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता रवि नाइक भी इसी महीने की शुरुआत में कांग्रेस पार्टी छोड़ चुके हैं। वहीं पूर्व सीएम लुइजिन्हो फलेरियो भी कांग्रेस छोड़ टीएमसी में शामिल हो चुके हैं।  

यह भी पढ़ें ः रोहिणी कोर्ट ब्लास्ट केस के आरोपी वैज्ञानिक ने पिया हैंड वॉश, AIIMS में भर्ती

2017 में हुये गोवा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने सबसे अधिक 17 सीटें हासिल की थीं। लेकिन इसके बावजूद 13 सीटें हासिल करने वाली भाजपा चोर दरवाज़े से अपनी सरकार बनाने में सफल हो गयी थी। इसके बाद कांग्रेस के जीते हुये विधायक लगातार कांग्रेस से किनारा करते चले गये। मौजूदा वक्त में गोवा विधानसभा में कांग्रेस के सिर्फ दो विधायक रह गये हैं।