अंतराष्ट्रीय योग दिवस: PM मोदी ने मैसूर में 15000 लोगों के साथ किया योग, CM शिवराज ने की योग आयोग गठन घोषणा

संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2015 में 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की थी। इस वर्ष योग दिवस की थीम 'मानवता के लिए योग' है।

Updated: Jun 21, 2022, 04:02 AM IST

Courtesy : Twitter
Courtesy : Twitter

भोपाल। आज विश्व में 8वा अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘मानवता के लिए योग' है। भारत के अलग अलग हिस्सों में विभिन्न योग कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के मैसूर में 15000 लोगों के साथ योग किया। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में विद्यार्थियों के साथ योग किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग आज ना सिर्फ विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रहा है, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक वैश्विक पर्व बन गया है। कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि द्वीप, महाद्वीप की सीमाओं के ऊपर योग दिवस का उत्साह अब एक वैश्विक पर्व बन गया है।

इस वर्ष केंद्र सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश के 75 ऐतिहासिक स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का फैसला किया है। 

मध्य प्रदेश में भी अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री आवास में विद्यार्थियों के साथ योग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में योग आयोग बनेगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली है। स्कूलों में भी योग की शिक्षा दी जाएगी।

सीएम शिवराज ने कहा कि हमारा यह शरीर मंदिर है, हमें इसके लिए प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अवश्य निकालना चाहिये। 1998 में मेरा भयानक एक्सीडेंट हुआ था और मुझे नहीं लगता था कि पुन: चल-फिर भी सकूंगा। मैं अब भी 18-18 घंटे काम बिना थके योग के कारण कर सकता हूं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी योग दिवस की शुभकामनाएं दी। सिंह ने ट्वीट किया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। स्वस्थ जीवन के लिए योग ध्यान प्रणायाम आवश्यक है। लेकिन Mass Yoga आयोजन केवल Public Event हो सकता है लेकिन कौन सा योगासन कौन को करना चाहिए यह अनुभवी योग प्रशिक्षकों से ही सीखना चाहिए।