पंजाब में आप कार्यकर्ताओं ने खोया आपा, राघव चड्डा की कर दी पिटाई, पीछे के गेट से भागते दिखे चड्डा
टिकट बंटवारे को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी, जालंधर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे थे सह प्रभारी राघव चड्डा, कार्यकर्ताओं ने घेरकर शुरू की पिटाई, केजरीवाल पर लगाया टिकट बेचने का आरोप

जालंधर। आम आदमी पार्टी पंजाब चुनाव में अपनी जीत को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है। हालांकि, शुक्रवार को जालंधर में आप के दावे की पोल तब खुल गई जब पार्टी कार्यकर्ताओं ने ही प्रभारी राघव चड्डा की पिटाई कर दी। इस दौरान स्थिति इस कदर बिगड़ी कि चड्डा को पीछे के गेट से भागना पड़ा और पार्टी के ही कार्यकर्ता उन्हें खदेड़ते रहे।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के सह प्रभारी राघव चड्डा शुक्रवार को जालंधर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने पहुंचे थे। प्रेस वार्ता के दौरान ही कुछ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में मारपीट करने लगे। इस दौरान जमकर लात-घुसे चले। हद्द तो तब हुई जब नाराज कार्यकर्ताओं ने राघव चड्डा की भी पिटाई कर दी।
राघव चड्डा किसी तरह भीड़ से बचकर भागे। चड्डा के साथियों ने बाद में उन्हें पीछे के दरवाजे से बाहर निकाला जहां से चड्डा तत्काल गाड़ी में बैठकर उल्टे पांव दिल्ली भाग गए। चड्डा की गाड़ी जब वहां से निकल रही थी तब भी कार्यकर्ता खदेड़ते हुए उनका पीछा कर रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर "भाग चड्डा भाग" हैशटैग के साथ वायरल हो रहा है।
सुना है आज जालंधर में कोई पीछे के Gate से भागा है? pic.twitter.com/pqsx5qkP2t
— Srinivas BV (@srinivasiyc) January 7, 2022
दरअसल, आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा की 117 में से 104 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सीनियर नेताओं ने पैसे लेकर टिकट बेच दिए हैं। उनका कहना है कि जो लोग संगठन को मजबूत बनाने के लिए दिन रात काम किए उन्हें दरकिनार कर बाहरी लोगों को टिकट दिया गया। इसी बात का आक्रोश राघव चड्डा के सामने फुट पड़ा। आप कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल पर बीजेपी से मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ड्रामा रचकर पंजाब और पंजाबियत का अपमान न करें पीएम, कथित सुरक्षा चूक को लेकर सिद्धू का अचूक निशाना
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी के भीतर मचे इस घमासान के कारण पंजाब में आप की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने तक टिकट बंटवारे में धांधली का मुद्दा आप नेताओं का आसानी से पीछा नहीं छोड़ने वाला। आने वाले दिनों में सीएम अरविंद केजरीवाल को भी विरोधों का सामना करना पड़ सकता है।