कंगना रनौत ने जो बाइडेन को बताया गज़नी, कहा एक साल से ज़्यादा नहीं टिक पाएंगे

Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने वाली कमला हैरिस को बधाई दी है

Updated: Nov 09, 2020, 05:28 PM IST

Photo Courtesy: IndiaTV
Photo Courtesy: IndiaTV

मुंबई। बॉलीवुड की कॉन्ट्रोवर्सी क्वीन कंगना रनौत ने अब अमेरिका के नए राष्ट्रपति चुने गए जो बाइडेन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। कंगना रनौत ने अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन को गजनी बता दिया है। हालांकि कंगना ने बाइडेन की सहयोगी और अमेरिका की नई उप-राष्ट्रपति चुनी गईं कमला हैरिस को बधाई देते हुए उनकी तारीफ की है। कंगना की टिप्पणी से ये पता नहीं चलता कि आखिर जो बाइडेन से उनके चिढ़ने की वजह क्या हो सकती है? 

कंगना ने ट्विटर पर लिखा है, 'गजनी बाइडेन के बारे में कुछ नहीं कह सकती, जिनका डेटा हर 5 मिनट में क्रैश हो जाता है। उनके शरीर में इतनी दवाएं इंजेक्ट की गई हैं कि वो 1 साल से ज्यादा नहीं चल पाएंगे। जाहिर है इसके बाद कमला हैरिस ही सरकार चलाएंगी। जब एक महिला आगे बढ़ती है, तब वह अन्य महिलाओं के लिए भी जगह बनाती है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए कमला हैरिस को बधाई।'

हालांकि कमला हैरिस का नाम अपने ट्वीट में ग़लत लिखने पर कंगना ट्रोल भी हो गईं। कंगना ने कमला हैरिस का नाम अंग्रेजी ऐल्फाबेट के अनुसार गलत लिख दिया। कंगना ने कमला को कमल लिखा दिया। जिस कारण सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें घेर लिया।

बता दें कि अमेरिकी चुनाव में डेमोक्रेटिट पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हरा दिया है। बाइडेन 20 जनवरी 2021 को अमेरिका के 46 वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। डोनाल्ड ट्रंप पिछले तीस वर्षों में पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के बाद लगातार दो कार्यकाल राष्ट्रपति न रहने वाले दूसरे राष्ट्रपति होंगे। वहीं भारतीय मूल की कमला हैरिस अमेरिका की पहली महिला, पहली अश्वेत और पहली दक्षिण एशियाई उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुई हैं।