कानपुर में ट्रोला पलटने से 6 लोगों की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में हुआ भीषण सड़क हादसा, ट्रोला में सवार सभी लोग इटावा मज़दूरी करने जा रहे थे

Updated: Mar 02, 2021, 04:48 AM IST

Photo Courtesy: Tezlivenews.com
Photo Courtesy: Tezlivenews.com

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में दर्दनाक हादसा हो गया है। कानपुर देहात में एक ट्रोला के पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक व्यक्ति की हालत नाज़ुक बनी हुई है। वहीं 8 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। 

यह भीषण हादसा कानपुर देहात के भोगनीपुर क्षेत्र स्थित हाईवे पर हुआ। यहां तेज़ रफ्तार में जा रहा एक ट्रोला अनियंत्रित होने से पलट गया। इस ट्रोला में 22 लोग सवार थे। ट्रोला में सवार लोगों में अधिकतर मज़दूर थे। इसमें महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। ट्रोला में सवार सभी हमीरपुर ज़िले के रहने वाले थे। ये सभी मजदूरी करने इटावा जा रहे थे। मौत के मुंह से बच निकलने वाली एक महिला ने मीडिया को बताया कि वे सभी कोयला की छनाई करने इटावा जा रहे थे।  

महिला ने मीडिया को बताया कि ट्रोला का ड्राइवर तेज़ गाने बजा रहा था। इसके साथ ही वह बड़ी लापरवाही के साथ तेज़ रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। इसी बीच गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी के पलटने के बाद आसपास में हड़कंप मच गया। घटनास्थल से गुज़र रहे लोगों ने अपने वाहनों को रोककर दबे हुए लोगों को निकालना शुरू किया। इसके साथ ही दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को पुखराया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इसके बाद घायल लोगों को ज़िला अस्पताल में रेफर किया गया।