Loksabha Elections 2024: राहुल गांधी ने रायबरेली से भरा पर्चा, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

वायनाड के बाद राहुल गांधी ने शुक्रवार को रायबरेली लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। राहुल गांधी के साथ सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और अशोक गहलोत मौजूद रहे।

Updated: May 03, 2024, 02:49 PM IST

रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को रायबरेली लोकसभा सीट से पर्चा दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और अशोक गहलोत मौजूद रहे। शुक्रवार सुबह ही कांग्रेस पार्टी ने अमेठी और रायबरेली सीट से उम्मीदवारों का नाम जारी किया था। जिसके बाद राहुल गांधी रायबरेली पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।

नामांकन से पहले राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यालय में पूजा की। इसके बाद काफिले के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। राहुल गांधी के नामांकन को लेकर रायबरेली के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। राहुल के स्वागत में रायबरेली के सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। 

उधर, अमेठी से कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। किशोरी लाल शर्मा के नामांकन में शामिल हुईं। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘इस चुनाव में भी कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़वाऊंगी। हम ये चुनाव आपके लिए लड़ेंगे ताकि आपका विकास हो। अब ये मौका आ गया है कि देश में एक संदेश दें कि हम सेवा की राजनीति करते हैं। ये आपका चुनाव है, आप जिताएंगे। मैं 6 मई तक अमेठी में ही रहूंगी। अमेठी का चुनाव जनता के बल पर जीतेंगे।' 

बता दें कि रायबरेली और अमेठी सीटों पर मतदान 20 मई को ही होगा। भाजपा ने रायबरेली से योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है, जबकि अमेठी से स्मृति ईरानी लड़ रही हैं।