महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ने कहा, हिम्मत है तो मुंबई से फिल्म इंडस्ट्री ले जाकर दिखाएं योगी

योगी आदित्यनाथ यूपी में फिल्म सिटी का निर्माण करने के मक़सद से चर्चा करने मुंबई पहुंचे हैं, राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने भी योगी को ठग बताया है

Updated: Dec 02, 2020, 09:39 PM IST

Photo Courtesy : Amar Ujala
Photo Courtesy : Amar Ujala

मुंबई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुंबई दौरे पर महाराष्ट्र के सभी राजनीतिक दल योगी आदित्यनाथ का विरोध कर रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने खुद योगी आदित्यनाथ की आलोचना करते हुए कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ में हिम्मत है तो वे मुंबई से इंडस्ट्री को यूपी ले जाकर दिखाएं। वहीं राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने योगी आदित्यनाथ को ठग करार दिया है। 

उद्धव ठाकरे ने योगी के मुंबई दौरे को लेकर मंगलवार शाम को इंडियन मर्चेंट ऑफ चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स में कहा,  'महाराष्ट्र मैग्नेटिक राज्य है। उद्योगपतियों में आज भी महाराष्ट्र का आकर्षण कायम है। राज्य का कोई भी उद्योग बाहर नहीं जाएगा। इसके उलट, दूसरे राज्यों के उद्योगपति भी महाराष्ट्र आएंगे।' वहीं मनसे ने तो योगी आदित्यनाथ के विरोध में मुंबई उनके होटल के बाहर पोस्टर तक लगवा डाले। पोस्टर में मराठी में लिखा हुआ था, कहां राजा भोज कहां गंगू तेली', नाकाम राज्य की बेरोजगारी छुपाने के लिए मुंबई के उद्योग को UP ले जाने आया है ठग।' 

शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने भी योगी को निशाने पर लिया है। संजय राउत ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान कहा, 'मुंबई की फिल्म सिटी को कहीं और शिफ्ट करना आसान नहीं है। दक्षिण भारत की फिल्म इंडस्ट्री भी बहुत बड़ी है. पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी फिल्म सिटी हैं। तो क्या योगीजी इन जगहों पर भी जाएंगे और वहां के डायरेक्टर्स और कलाकारों से बातचीत करेंगे? या फिर वो ऐसा बस मुंबई में ही करने वाले हैं?'

दरअसल योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम को मुंबई के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। ख़बरें हैं कि योगी आदित्यनाथ यूपी के गौतम बुद्ध नगर में फिल्म सिटी का निर्माण करना चाहते हैं। लिहाज़ा योगी आदित्यनाथ मुंबई में अक्षय कुमार और कैलाश खैर जैसी फ़िल्मी हस्तियों से भी मुलाकात कर चुके हैं। जिसका महाराष्ट्र की क्षेत्रीय पार्टियां विरोध कर रही हैं। इतना ही नहीं खुद महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि हर राज्य को अपना विकास करने की छूट है लेकिन बॉलीवुड को मुंबई से कोई नहीं ले सकता। 

वहीं योगी सरकार में अल्पसंख्यक मंत्री मोहसिन रज़ा ने शिवसेना और एनसीपी पर हमला बोलते हुए कहा है कि दोनों पार्टियां अंडरवर्ल्ड के ज़रिए बॉलिवुड कलाकारों पर दबाव बना रही हैं ताकि वे मुंबई छोड़ यूपी न आ पाएं। मंत्री ने कहा,'कई फिल्म निर्देशक, निर्माता, कलाकार मुंबई छोड़कर यूपी आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अंडरवर्ल्ड के जरिए धमकाया जा रहा है।'