नागपुर में 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन का एलान, इमरजेंसी सेवाएँ जारी रहेंगी

नागपुर में सात दिन के लिए पूरी तरह से लॉक डाउन का एलान, 15 से 21 मार्च तक सिर्फ आपातकालीन सेवाएँ ही जारी रहेंगी

Updated: Mar 11, 2021, 09:42 AM IST

Photo Courtesy: India TV News
Photo Courtesy: India TV News

नागपुर। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच नागपुर में एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन का एलान किया गया है। यहां 15 मार्च से 21 मार्च तक आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस दौरान किसी को भी घर से बाहर जाने की इजाजत नहीं होगी। इस दौरान दवाएं, सब्जी, फल, दूध, रसोई गैस और अति आवश्‍यक सेवाएं जारी रहेंगी। नागपुर पुलिस कमिश्नर के अतंर्गत जितने इलाके आते हैं वहां पर लॉकडाउन लगाया गया है। नागपुर में बुधवार को कोरोना के 1710 नए मरीज सामने आने के बाद महामारी को और फैलने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। महाराष्ट्र में एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा 13 हजार 659 नए केस मिले हैं।

नए संक्रमितों में महिलाएं और 20 से 40 साल की उम्र के कामकाजी लोग ज्यादा है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि लोगों की लापरवाही से यहां ऐसे हालात बने हैं, लोगों को गाइडलाइन पालन करने के लिए सख्ती अपनाई जा रही है। गौरतलब है कि एक दिन में 1710 नए केस मिलने के बाद नागपुर में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या दो लाख 43 हजार 726 तक हो गई है। 4 हजार 877 लोग कोरोना संक्रमण की वजह से जान गंवा चुके हैं। गौरतलब है कि नागपुर में एक साल पहले आज ही के दिन 11 मार्च को कोरोना संक्रमित मरीज मिला था। वही 14 मार्च तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। इससे पहले जारी आदेश में कहा गया था कि सभी होटल्स, मॉल, रेस्तरां और प्राइवेट दफ्तरों को वीकेंड पर बंद रखा जाए। यही आदेश अमरावती, यवतमाल के लिए भी जारी किया गया था। महाराष्ट्र के पुणे में भी कोरोना मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 

देशभर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 12 लाख 85 हजार 561 तक पहुंच चुका है। इनमें से 1 लाख 58 हजार 189 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 1 करोड़ 9 लाख 38 हजार 146 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना एक्टिव लोगों की संख्या 1 लाख 89 हजार 226 है।