Harshvardhan : Corona का कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं

कोरोना के मामले 7.5 लाख के पार, स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कुछ स्थानीय इलाको में ट्रांसमिशन ज्यादा

Publish: Jul 10, 2020, 02:19 AM IST

भारत में कोरोना वायरस के मामले बहुत ही तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन का कहना है कि देश में अभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरु नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी चर्चा में विशेषज्ञों ने फिर कहा है कि भारत में कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। उन्होंनेे कहा कि कुछ स्थानीय इलाको हो सकते हैं जहां ट्रांसमिशन ज्यादा हो, लेकिन कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। डॉ. हर्षवर्धन ने यह बात मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बाद कही।

इससे पहले देश में एक दिन में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 24,879 मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 7,67,296 पर पहुंच गई। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, दिल्ली, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश से करीब 75 फीसदी नए मामले सामने आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार 487 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 21,129 हो गई।

देश में 4,76,377 लोग स्वस्थ हुए हैं जबकि फिलहाल संक्रमित 2,69,789 लोगों का इलाज किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अभी तक करीब 62.08 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हुए हैं।’’

कोविड-19 से जिन 487 और लोगों की मौत हुई है उनमें से महाराष्ट्र में 198, तमिलनाडु में 64, कर्नाटक में 54, दिल्ली में 48, पश्चिम बंगाल में 23, उत्तर प्रदेश में 18, गुजरात में 16, आंध्र प्रदेश में 12, तेलंगाना में 11, राजस्थान में 10, मध्य प्रदेश में सात, जम्मू कश्मीर और ओडिशा में छह-छह, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में तीन-तीन तथा असम में दो लोगों ने जान गंवाई है।

अभी तक इस वैश्विक महामारी से देश में कुल 21,129 लोगों की मौत हुई है। इनमें से सबसे अधिक 9,448 लोगों ने महाराष्ट्र में जान गंवाई। इसके बाद दिल्ली में 3,213, गुजरात में 1,993, तमिलनाडु में 1,700, उत्तर प्रदेश में 845, पश्चिम बंगाल में 827, मध्य प्रदेश में 629, राजस्थान में 482 और कर्नाटक 470 लोगों की मौत हुई।