सोनिया गांधी के बाद प्रियंका गांधी भी हुईं कोरोना पॉजिटिव, ट्वीट कर दी जानकारी

सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता कोरोना वायरस के चपेट में आ गए हैं, इसी बीच अब प्रियंका गांधी ने भी कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है

Updated: Jun 03, 2022, 05:57 AM IST

Photo Courtesy: HT
Photo Courtesy: HT

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। उसके एक दिन बाद शुक्रवार को अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रियंका ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्होंने घर पर ही खुद को आइसोलेट किया है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझे कोविड के हल्के लक्षण हैं। मैंने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है। मैं जिन लोगों से पिछले कुछ दिनों में मिली हूं, कृपया वो अपनी जांच करवा लें और जरूरी कदम उठाएं।'

इससे पहले गुरुवार को सोनिया गांधी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रियंका ने अपना लखनऊ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया था और दिल्ली लौट गई थीं। वह नव संकल्प शिविर में भाग लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची। लेकिन जैसे ही उन्हें मां के बीमार होने की जानकारी मिली वह आनन फानन में दिल्ली लौट आईं।

यह भी पढ़ें: फिक्स था IPL 2022 का फाइनल मैच, BJP सांसद के ट्वीट से हड़कंप, जय शाह की भूमिका पर उठे सवाल

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के मुताबिक सोनिया गांधी को बुधवार शाम बुखार आया था। जिसके बाद उनकी कोरोना जांच करवाई गई। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने डॉक्टरी सलाह के बाद खुद को आइसोलेट कर लिया। सुरजेवाला के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष पिछले कुछ दिनों में जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिली थीं, उनमें से कई पॉजिटिव आए हैं।