मेरठ में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में भगदड़, महिलाएं-बुजुर्ग समेत कई लोग घायल

करीब 1 लाख लोग पहुंचे थे। कथा शुरू होने पर लोग जल्दबाजी में अंदर जा रहे थे। बाउंसर्स ने भीड़ अचानक बढ़ने पर लोगों को रोक-रोक कर एंट्री करानी शुरू कर दी फिर भगदड़ मच गई।

Updated: Dec 20, 2024, 06:03 PM IST

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में शुक्रवार को भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि भगदड़ मचने के कारण कई महिलाएं और बुजुर्ग गिरकर चोटिल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सुरक्षा इंतजाम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मेरठ के शताब्दी नगर में प्रदीप मिश्रा की कथा चल रही है। शुक्रवार को कथा का छठा दिन था। कथा में रोज करीब एक से डेढ़ लाख लोग आ रहे थे। शुक्रवार को दोपहर 1 बजे से कथा शुरू हुई थी। कथा शुरू होने पर लोग जल्दबाजी में अंदर जा रहे थे। बाउंसर्स ने भीड़ अचानक बढ़ने पर लोगों को रोक-रोक कर एंट्री करानी शुरू कर दी फिर भगदड़ मच गई। जिसमें कई महिलाएं और बुजुर्ग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि कथा में जिस रास्ते से भीड़ आ रही थी, उसी रास्ते से मुख्य यजमान भी जा रहे थे। तभी एंट्री को लेकर झगड़ा हो गया। एंट्री गेट पर बाउंसर्स ने महिलाओं को अंदर जाने से रोक दिया। पीछे से भीड़ आगे बढ़ने के लिए धक्का देती रही। इसी बीच 15-20 महिलाएं एक-एक कर गिर गईं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कथा के दौरान शुक्रवार को 2 बार भगदड़ मची। सबसे पहले सुबह 9.30 बजे भगदड़ मची थी। इस दौरान लोग VIP पास के लिए जुटे थे, लेकिन यह शांत हो गई। इसके बाद दोपहर 1 बजे फिर भगदड़ मच गई। घटना को लेकर मेरठ के DM दीपक मीणा ने कहा कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था यहां पर है। सब सामान्य चल रहा है। सभी चीजें व्यवस्थित हैं। हम लोग जांच कर रहे हैं कि क्यों भगदड़ मची। किसी ने अफवाह फैलाई क्या?


यह भी पढे़ं: सारंगपुर: दुकानों की नीलामी में जमा राशि वापस पाने भटक रहे खरीदार, न दुकान मिल रही न पैसा

बता दें कि इसी साल 2 जुलाई को हाथरस के सिकंद्राराऊ में भोले बाबा के सत्संग के बाद भगदड़ मच गई थी। भगदड़ के बाद 123 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद धार्मिक आयोजनों में भीड़ नियंत्रण को लेकर तमाम चर्चाएं हुई। बावजूद प्रदीप मिश्रा की कथा में भगदड़ मचने की घटना हुई। ऐसे में अब इस तरह के आयोजन एक बार फिर सवालों के घेरे में है।